शिवसेना का एक दल पार्टी प्रत्याशियों के हक में प्रचार के लिए मुंबई रवाना

जम्मू। शिवसेना (यूबीटी) की जम्मू-कश्मीर इकाई का एक दल पांचवें चरण में 20 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव में अपने पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने के लिए 4 मई को जम्मू से मुंबई के लिए रवाना होगा।

पार्टी के प्रदेश केंद्रीय कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रमुख मनीष साहनी ने दोनों राज्यों की जमीनी स्थिति पर एक पोस्टर जारी किया जिसमें महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर को भाजपा की साजिशों का शिकार बताया गया।

साहनी ने कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश नेताओं का एक 6 सदस्यीय दल महाराष्ट्र में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने और उनकी जीत सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से शनिवार 4 मई को मुंबई के लिए रवाना होगा। साहनी ने कहा कि भाजपा ने जम्मू-कश्मीर पर पूरे देश में झूठ फैलाकर जमकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकी है।

जबकि जम्मू कश्मीर की आवाम भारी निराशा से जूझ रही है। जम्मू-कश्मीर के पुनर्गठन पर अमन-चैन बहाली, कश्मीरी हिंदुओं की सुरक्षित घर वापसी के साथ विकास, रोजगार, आर्थिक उन्नति समेत तमाम गारंटिया खोखली साबित हुई हैं। जम्मू-कश्मीर दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांट, राज्य का दर्जा छीन लिया गया और पिछले पांच सालों से विधानसभा चुनाव नहीं करवाए जा रहे। हमारे संसाधनों को लूट के साथ हमारी सांस्कृतिक पहचान को खत्म करने की साजिशें रची गई हैं। वहीं महाराष्ट्र में भी शिवसेना और एनसीपी को तोड़ राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने तथा देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के अस्तित्व पर हमला करने की नाकाम कोशिशें की गई हैं।

साहनी ने कहा कि उनकी टीम मुंबई दक्षिण से पार्टी के पूर्व सांसद अरविंद सावंत, मुंबई दक्षिण-मध्य से अनिल देसाई (राज्यसभा सांसद), मुंबई उत्तर-पश्चिम से अमोल कीर्तिकर और मुंबई उत्तर-पूर्व से संजय दीना पाटिल के लिए प्रचार करेंगे और उनकी जीत सुनिश्चित बनाएंगे।

इस मौके पर अध्यक्ष महिला विंग मिनाक्षी छिब्बर, महासचिव विकास बख्शी, उपाध्यक्ष बलवंत सिंह, अध्यक्ष कामगर विंग राज सिंह, सचिव राजेश हांडा और मंगू राम उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button