दर्दनाक सड़क हादसे ने ले ली जान…

फतेहाबाद (आगरा)। शादी समारोह से लौट रहे छह मित्रों की कार शुक्रवार रात दिगनेर पुलिया पर अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। ग्रामीणों ने आधा घंटे प्रयास के बाद कार का शीशा तोड़कर उसमें फंसे युवकों को बाहर निकाला। तब तक चार की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल एक युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शुक्रवार रात आठ बजे शमसाबाद रोड दिगनेर नहर पटरी की है।

शमसाबाद के गांव गढ़ी मोहनलाल के रहने वाले जितेंद्र, शैलेश, विनोद कुमार, मनीष, योगेश और आदित्य आपस में मित्र हैं। सभी की आयु 30 से 42 वर्ष के बीच थी। वे बमरौली कटारा के नौमील से शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे।

शीशे तोड़कर निकाले युवक
हादसे की सूचना पर जुटे ग्रामीणों ने आधा घंटे प्रयास के बाद कार के शीशे तोड़कर युवकों को बाहर निकाला। सभी को बरौली अहीर स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे।

सूचना पर डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। डीसीपी सिटी ने बताया चिकित्सकों ने जितेंद्र, विनोद, शैलेश और मनीष को मृत घोषित कर दिया। योगेश की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि आदित्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

कार के अंदर हाथ-पैर मार रहे थे मित्र
ग्रामीणों नें बताया कार में फंसे युवकों द्वारा खुद भी अपने बचाव के लिए हाथ-पैर मारे जा रहे थे। बदहवास दिखाई दे रहे युवक अंदर से कार का शीशा तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। अंदर पानी भरा होने के कारण कुछ मिनट में ही वह अचेत हो गए। ठंड में पानी के अंदर ग्रामीणों को भी बचाव में कार्य में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Back to top button