कुश्ती संघ के नए अध्यक्ष बने बीजेपी सांसद के करीबी

नई दिल्ली। कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह कुश्ती संघ के नए अध्यक्ष बने हैं। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता अनीता श्योराण को मात दी। बुधवार तक सर्वसम्मति से चुनाव की कोशिशें होती रहीं, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली। संजय सिंह ने दावा किया था कि उनका खेमा चुनाव में हर पद पर जीतेगा और उन्होंने खुद जीत हासिल कर इसे सच साबित किया। कुश्ती संघ का अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने कहा “राष्ट्रीय शिविर (कुश्ती के लिए) आयोजित किए जाएंगे। जो पहलवान राजनीति करना चाहते हैं वे राजनीति कर सकते हैं, जिन्हें कुश्ती करनी है वे कुश्ती करेंगे।”

कौन हैं संजय सिंह
संजय सिंह यूपी कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष रहे हैं और बृजभूषण के बेहद करीबी माने जाते हैं। चुनाव से पहले की कई खबरों में कहा गया था कि संजय सिंह के खेमे के पास 50 वोट में से 41 का समर्थन है। असम, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, जम्मू कश्मीर और ओडिशा के अलावा लगभग सभी राज्यों के कुश्ती संघ का समर्थन उन्हें मिलने की बात कही गई थी।

बृजभूषण पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने वाले बजरंग, साक्षी मलिक और विनेश फोगाट की ओर से धरना दिए जाने के बाद पूर्व कुश्ती संघ अध्यक्ष को चुनाव से दूर रहने के लिए कहा गया। बृजभूषण न खुद चुनाव में खड़े हुए और न ही उनके पुत्र और दामाद चुनाव में खड़े हुए। सूत्र बताते हैं कि उन पर संजय सिंह को भी चुनाव से बाहर करने का दबाव बनाया गया, लेकिन यहां बात नहीं बनी।

Related Articles

Back to top button