कांग्रेस में हार के कारण तलाशने को ‘चिट्ठी बम’

कानपुर। लोकसभा चुनाव में प्रदेश भर में अच्छा प्रदर्शन करने से उत्साहित कांग्रेस कानपुर सीट पर हार के कारण तलाशने को लेकर चिंतित हैं। इसे लेकर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष की घेराबंदी करते हुए चिट्ठी बम फेंका है। हार की समीक्षा करने की मांग उठाई है। इसमें पूर्व विधायक भी साथ आ गए हैं। इससे साफ है कि उत्साह के बीच पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं है।

शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष कृपेश त्रिपाठी ने शहर अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी को चिट्ठी लिखी है। इसमें कहा है कि कानपुर की जनता ने आइएनडीआइए के उम्मीदवार आलोक मिश्र को जीत के पास पहुंचा दिया। भाजपा का कमजोर प्रत्याशी सामने था, लेकिन फिर भी हम चुनाव हार गए।

कानपुर लोकसभा पर हार की समीक्षा की मांग
कांग्रेस चुनाव कैसे हार गई, इसके कारण तलाशे जाने चाहिए। चुनाव परिणाम आए इतने दिन बीत गए पर संगठन ने अब तक कोई समीक्षा नहीं की है। इससे जुझारू कार्यकर्ता चिंतित हैं। समीक्षा होने से उन्हें भविष्य में अपना प्रदर्शन ठीक करने का मौका मिलेगा।

पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्र का कहना है कि कमियां तलाशने से आगे अच्छा प्रदर्शन हो सकेगा। इसलिए नेता व कार्यकर्ता यह चाहते हैं। वहीं नौशाद का कहना है कि विधानसभावार बैठकों में जनता को धन्यवाद देने संग समीक्षा भी कर रहे हैं। वार्ड व बूथ स्तर पर काम हो रहा है। इसमें कोई देरी नहीं की जा रही है। पत्र को देखकर काम किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button