पीएम मोदी ने कहा, ‘ये मोदी गरीबी से तप कर आज यहां पहुंचा है और इसलिए हर गरीब का दुख, हर गरीब की पीड़ा, हर गरीब की तकलीफ… मोदी भली-भांति समझता है। इसलिए मैंने गरीब की हर चिंता को दूर करने के लिए योजनाएं बनाईं। हमने गरीब को सिर्फ सशक्त ही नहीं किया है, बल्कि हमने गरीब को उसका स्वाभिमान लौटाया है।’
पीएम मोदी ने कहा, ‘इन लोगों ने मिलकर एक INDI गठबंधन बनाया है। इनको लगता है कि मोदी इनसे डर जाएगा लेकिन मेरे लिए मेरा भारत मेरा परिवार है। मैं अपने देश को भ्रष्टाचारियों से बचाने के लिए एक बहुत बड़ी लड़ाई लड़ रहा हूं। इसलिए बड़े-बड़े भ्रष्टाचारी आज सलाखों के पीछे हैं। सुप्रीम कोर्ट से भी जमानत नहीं मिल रही है। भ्रष्टाचारी कान खोलकर सुन लें, मोदी पर चाहे जितने भी हमले करो, ये मोदी है, रुकने वाला नहीं है। भ्रष्टाचारी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, एक्शन होगा और जरूर होगा। जिसने देश को लूटा है, उसे लौटाना ही पड़ेगा। ये मोदी की गारंटी है।’
कच्चातिवु द्वीप का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निधाना साधते हुए कहा, ‘आज कांग्रेस का एक और देश विरोधी कारनामा देश के सामने आया है। तमिलनाडु में भारत के समुद्री तट से कुछ दूर, श्रीलंका और तमिलनाडु के बीच में एक द्वीप है कच्छतीवु। देश आजाद हुआ तब ये द्वीप हमारे पास था, लेकिन कांग्रेस ने 4-5 दशक पहले मां भारती का एक अंग काट दिया और भारत से अलग कर दिया। कांग्रेस सरकार के कुकर्मों की सजा भारत आज भी भुगत रहा है।’