![](https://nishpakshpratidin.com/wp-content/uploads/2023/12/Police-encounter-780x450.jpg)
जौनपुर | बदमाशों के हौसले को पस्त करने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। देर रात चेकिंग के दौरान तीन थानों की पुलिस से शातिर बदमाश के साथ मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से गोली बारी में शाहगंज के थानाध्यक्ष बाल-बाल बच गए। आखिर, पुलिस ने घेरकर एक बदमाश को अपंग कर दिया। इस आपरेशन में शाहगंज, सरपतहा और खुटहन थाने की संयुक्त टीम शामिल थी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से एक मोटर साइकिल बिना नम्बर, एक तमंचा, एक खोखा, एक जिन्दा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस पकड़े गए बदमाश के अन्य फरार साbथियों की तलाश कर रही है।
गजब की मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात थानाध्यक्ष शाहगंज तारकेश्वर राय और त्रिवेणी सिंह थानाध्यक्ष सरपतहां पुलिस बल के साथ संयुक्त टीम बनाकर चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान सुल्तानपुर मार्ग से एक एक मोटर साइकिल पर संदिग्ध लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन, वे खुटहन रोड पर मोटर साइकिल मोड़कर भागने लगे। इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी गयी। इस सूचना पर थानाध्यक्ष खुटहन अरविंद कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ सामने से आकर भागते हुये बदमाशों का घेराव किया। बदमाशों ने हड़बड़ी में मोटर साइकिल निजामपुर मार्ग पर मोड़ दी। बदमाश अपने को घिरा देखकर पुलिस टीम पर फायर कर दिया। इसमें थानाध्यक्ष शाहगंज तारकेश्वर राय बाल-बाल बचे। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गयी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। उसका साथी अंधेरे का लाभ लेकर भागने में सफल रहा। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय जौनपुर के लिए रेफर कर दिया गया।
बदमाश पर दर्ज हैं चार दर्जन मुकदमे
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम रविन्द्र वर्मा बताया। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस और एक बिना नम्बर प्लेट की मोटर साइकिल बरामद हुई है। पकड़े गए बदमाश के फरार साथियों की तलाश की जा रही है। पकड़े गए बदमाश रविन्द्र वर्मा का लंबा आपराधिक इतिहास है। उस पर विभिन्न जनपदों में चार दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।