गड़वार (बलिया)। क्षेत्र के बरवां गांव में चल रहे रुद्र महायज्ञ के चौथे दिन शनिवार को प्रवचन सुनने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव,जय श्रीराम, धर्म की जय हो,अधर्म का नाश हो आदि गगनभेदी जयकारों से वातावरण भक्तिमय बन गया। वहीं परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पं पिन्टू बाबा के आचार्यात्व में वाराणसी से पधारे आचार्यगणों द्वारा किए जा रहे वैदिक मंत्रों के उच्चारण से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। वहीं बक्सर से पधारे प्रख्यात कथा वाचक रामनारायणचार्य महाराज ने श्रीरामचरित मानस का बखान करते हुए कहा कि भगवान को पाने के लिए मन और चरित्र को भगवान के चरणों में समर्पित करना होगा। भागवत कथा जीवन जीने की कला सिखाती है। कथा सुनने से मन को शांति मिलती है। पीड़ा से मुक्ति मिलती है एवं सच्चे सुख का मार्ग प्रशस्त होता है। भगवान शिव सर्वव्यापी सर्वज्ञ और प्रेम के प्रतीक हैं। महायज्ञ से ना सिर्फ हिंदू धर्म की परंपरा को बल मिलता है बल्कि वातावरण भी शुद्ध होता है। इस जीवन में अच्छे कर्म कर प्राणी हमेशा के लिए जन्म मृत्यु से मुक्ति पाकर परमधाम को प्राप्त कर सकता है। काम,क्रोध, लोभ एवं मोह का त्याग कर ईश्वर की ओर ध्यान देना चाहिए। आयोजक मंडल द्वारा यज्ञ मंडप में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसके लिए विशेष इंतजाम किया गया है।