बलिया। राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर आशा कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट में शुक्रवार की दोपहर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। मांग किया कि आशा व संगिनी को सरकार द्वारा कोविड काल में दिया जा रहा 50 लाख का सुरक्षा बीमा योजना से पुन:आच्छादित किया जाए। सेवानिवृत्त के समय ग्रेच्युटी फंड के साथ ही न्यूनतम 10 हजार पेंशन प्रदान किया जाए। जिला महिला अस्पताल में प्रसव के बाद आशा को प्रमाणपत्र तुरंत प्रदान किया जाए। उनको बार—बार दौड़ाया ना जाए। नवजात का जन्म प्रमाण पत्र बिना किसी व्यवधान के निश्चित समय पर एक ही बार में दिया जाए, बार—बार बुलाया ना जाए। जिला महिला अस्पताल में गांव से अल्ट्रासाउंड या रिपोर्ट लेकर आने पर मरीज व आशा से चिकित्सक द्वारा सही तरीके से व्यवहार किया जाए। बेवजह परेशान ना किया जाए।