सुखपुरा थाना के असेगा गेट के पास हुआ हादसा
बलिया। सुखपुरा थाना क्षेत्र के असेगा गेट के पास बुधवार की शाम चार बजे एक बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। जिससे उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार अवनीश चौरसिया 36 वर्ष पुत्र महेश चौरसिया निवासी बेरूआरबारी अपने बाइक से अपने गांव से बांसडीड जा रहा था। जैसे ही वह असेगा गेट के पास पहुंचा कि उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकरा गई। जिससे वह गंभीर से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे पीएचसी बेरूआरबारी ले गये। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।