पेंडिंग चल रहा जन्म प्रमाण पत्र व मृत्यु प्रमाण पत्र का कार्य
बलिया। भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे में नगर पंचायत चितबड़ागांव के ईओ अनिल कुमार विगत 15 दिनों से अपने कार्यालय से नदारद चल रहे हैं। जिससे चलते एक तरफ जहां नगर पंचायत के विकास कार्य में ग्रहण लग गया है। वहीं फरियादी रोज मायूस होकर लौटने को विवश है।
बता दें कि ईओ अनिल कुमार के खिलाफ सभासदों ने विकास कार्य में गड़बड़झाला का आरोप लगाया था। जिसकी जांच होने के बाद ईओ दोषी पाए गए हैं तथा डीएम ने भी ईओ के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए शासन को पत्र लिख चुके हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेशों को ताक पर रखते हुए चितबड़ागांव नगर पंचायत के ईओ अनिल कुमार की मनमानी बदस्तूर जारी है। सरकार का आदेश है कि कोई भी जनपदीय अधिकारी सुबह दस बजे से 12 बजे तक जनसुनवाई करेंगे एवं जनता की समस्या का समाधान करेंगे। लेकिन ईओ अनिल कुमार को इन सब आदेशों की कोई परवाह नहीं है। तभी तो विगत 15 दिनों से ईओ अनिल कुमार नदारद चल रहे हैं। ईओ के नदारद होने के चलते जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, दाखिल खारिज का कार्य पेंडिंग चल रही है।