![](https://nishpakshpratidin.com/wp-content/uploads/2024/04/uh-780x470.jpg)
मुरैना। बसपा सुप्रीमो मायावती ने रविवार को मुरैना के मेला मैदान में आयोजित सभा में भाजपा व कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अपने भाषण में भाजपा व कांग्रेस को एक ही तरह का बताया। उन्होंने कहा कि सारे भ्रष्ट नेताओं ने मिलकर इंडिया गठबंधन बनाया है। साथ ही भ्रष्ट नेता बचने के लिए भाजपा में जा रहे हैं। उन्होंने बसपा छोड़कर अन्य दलों में जाने वालों को भी आड़े हाथों लिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा, कांग्रेस व अन्य दलों ने उत्तरप्रदेश में हमारी सरकार को कमजोर करने के कुचक्र रचे। स्वार्थी व बिकाउ लोगों को तोड़ा। मंच से उन्होंने मुरैना लोकसभा उम्मीदवार रमेश गर्ग के समर्थन में वोट मांगते हुए कहा कि मुरैना के विकास के लिए बसपा का जीतना जरूरी है।
उधर बसपा की सभा की खासबात यह थी कि यहां आने वालों का पूरा ध्यान रखा गया था। मसलन गर्मी को ध्यान में रखते हुए लोगों के लिए छाछ, पानी व आईसक्रीम की व्यवस्था की गई थी। यहां पहुंचे हजारों लोगों को छाछ व आईसक्रीम दी गई।