5 न्याय, 25 गारंटी, 300 से ज्यादा वादों से बना कांग्रेस न्याय पत्र

महिलाओं को मिलेगा एक लाख रूपए सालाना : आराधना

बाराबंकी। बीते दिनों देश की सबसे पुरानी पार्टी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने 48 पन्नों का अपना घोषणा पत्र जारी किया। जिसका नाम दिया गया है न्याय पत्र। जिस न्याय पत्र की विस्तृत चर्चा मंगलवार कांग्रेस विधान मण्डल दल की नेता अराधना मिश्रा ‘मोना’ ने की। नगर के ओबरी स्थित डॉ पी.एल पुनिया के आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से बीजेपी चिंतित है। राहुल गांधी ने अपनी 10 हजार किमी की यात्रा में जनता से मिले सुझाव को घोषणा पत्र में शामिल करवाया है। कांग्रेस ने आम लोगों का दुख दूर करने वाला घोषणा पत्र बनाया है। जिसके पांच मूलभूत स्तंभ बनाए गए हैं। जोकि हिस्सेदारी न्याय, किसान न्याय, नारी न्याय, श्रमिक न्याय और युवा न्याय पर आधारित हैं।

श्रीमती मिश्रा ने बताया कि नौकरी देने, किसानों की किसानों की कर्जमाफी, खाली पद भरने, महिलाओं को भत्ता देने, एमएसपी की गारंटी देने जैसे तमाम वादे तो कांग्रेस पहले से करती आई है, लेकिन इस बार कांग्रेस के घोषणा पत्र में संवैधानिक न्याय का पन्ना भी जोड़ा गया है। हम जातिगत जनगणना के पक्षधर हैं। इसका आधार भी है क्योंकि जिनका जो अधिकार मिलना था वह नहीं मिला। हम आर्थिक और जातीय जनगणना करवाएंगे। हम श्रमिक न्याय की बात करते हैं, इंडिया गठबंधन की सरकार आई तो श्रमिकों को 400 रूपए प्रतिदिन मजदूरी देंगे। जो मनरेगा में भी लागू होगा। हम श्रमिकों का पलायन रोकेंगे। हम उनके हेल्थ बीमा के लिए आगे बढ़ रहे हैं। युवाओं को रोजगार देना लक्ष्य है हमारे घोषणा पत्र पर हमारे गठबंधन की सरकार आई तो खाली पड़े 30 लाख सरकारी पद भरे जाएंगे। 25 साल के युवाओं को एक लाख हर साल मिलेंगे। सरकार में आते ही किसानों के लिए इंडिया गठबंधन काम करेगा। कर्जमाफी के लिए आयोग बनाया जाएगा। महिलाओं को हम सुरक्षा देंगे। हमने इसकी गारंटी दी है। गरीब परिवार की महिला को 1 लाख रूपए प्रतिवर्ष दिया जाएगा। नौकरी में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। एससी, एसटी और पिछड़ा वर्ग को पूरा अधिकार दिया जाएगा। पत्रकारों को राज्य की बलपूर्वक कार्यवाही से बचाने के लिये कानून बनाया जायेगा। संेसरशिप के नाम पर राज्य को बेलगाम शक्तियां देने वाले सभी अधिनियमों में संसोधन किया जायेगा।

श्रीमती मिश्रा ने कहा कि हमारे न्याय पत्र में हर उसे समस्या का निदान है जो बीजेपी ने पैदा की। भाजपा को कांग्रेस के घोषणा पत्र से डर सता रहा है। आज उत्तर प्रदेश के लिये इस न्याय पत्र की प्रासंगिकता सर्वाधिक है। बीते वर्षों में भाजपा की यू0पी0 और केन्द्र सरकार ने देश और प्रदेश के सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक और संवैधानिक ताने बाने को तहस नहस कर दिया है। किसानों को आमदनी से, युवाओं को रोजगार से महिलाओं को सुरक्षा से और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को समृद्धि से वंचित कर दिया है। प्रेस वार्ता में केन्द्रीय चुनाव समिति के सदस्य पूर्व सांसद डा0 पी.एल. पुनिया, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मो0 मोहसिन, जिला प्रवक्ता सरजू शर्मा, नगर अध्यक्ष राजेन्द्र वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विजय पाल गौतम आदि कांग्रेस जन मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button