नामांकन पत्रों की जांच में 11 प्रत्याशियों के पर्चे सही मिले, दो का नामांकन पत्र निरस्त

हमीरपुर : शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित नामांकन कक्ष में प्रत्याशियों द्वारा दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच होती रही। सामान्य प्रेक्षक प्रियंका दास व जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल पांडेय की देखरेख में यह कार्य किया गया। जिसमें भाजपा, सपा व बसपा समेत 11 प्रत्याशियों के पर्चे सही पाए गए। वहीं एक दलीय व एक निर्दलीय प्रत्याशी का पर्चा खारिज हुआ।
शनिवार की सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की गई। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान नामांकन कराने वाले प्रत्याशी और उनके प्रस्तावक भी मौजूद रहे। सामान्य प्रेक्षक व जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में पर्चों की विधिवत जांच की गई। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, सपा के अजेंद्र कुमार सिंह, बसपा के निर्दोष कुमार दीक्षित, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के अनुपम, आल हिंद पार्टी के धर्मराज, राष्ट्र उदय पार्टी के ब्रजेश कुमार पाल, एकलव्य समाज पार्टी के सुरेश कुमार, स्पष्टवादी जन आधार के संजीव कुमार समेत निर्दलीय प्रत्याशी भुवनेंद्र कुमार नारायण सिंह, राजेश सिंह व संतोष कुमार का पर्चा जांच में सही पाया गया। वहीं राष्ट्रीय बुंदेलखंड विकास पार्टी के प्रत्याशी पारथ सिंह व निर्दलीय प्रत्याशी सारथ सिंह का पर्चा जांच में कमियां पाए जाने पर निरस्त कर दिया गया। निर्दलीय प्रत्याशी सारथ सिंह ने बताया कि आपराधिक मामलों से संबंधित कालम अधूरा होने पर उनका पर्चा निरस्त किया गया है। वहीं राष्ट्रीय बुंदेलखंड विकास पार्टी के प्रत्याशी पारथ सिंह का भी पर्चा आधा अधूरा होने पर निरस्त कर दिया गया है। अब कुल 11 प्रत्याशियों की सूची तैयार हुई है। सोमवार को पर्चा वापसी की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद प्रत्याशियों को निर्धारण पूरी तरह से हो जाएगा।

Related Articles

Back to top button