विधवा महिला के शादी से इनकार करने के बाद युवक ने महिला थाने के बाहर खुद को लगा ली आग

शामली। विधवा महिला के शादी से इनकार करने के बाद युवक ने महिला थाने के बाहर खुद को आग लगा ली। चीख-पुकार पर दमकलकर्मियों और आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाया। गंभीर रूप से झुलसे युवक को शामली सीएचसी में भर्ती कराया। सूचना पर एसएसपी भी मौके पर पहुंच गए थे। वहीं, मजिस्ट्रेट ने बंद कमरे में युवक के बयान दर्ज किए।

यह है पूरा मामला
सोमवार शाम करीब सवा पांच बजे एक युवक महिला थाने के गेट के पास पहुंचा और खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। इसके बाद थाने की ओर बढ़ने लगा। शोर-शराबा होने पर महिला थाना पुलिस और आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। उन्होंने कंबल और अन्य तरीके से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी।

एएसपी ओपी सिंह ने की बात
बराबर में ही दमकल विभाग का कार्यालय है। दमकल कर्मचारी आए और आग को बुझाया। इसके बाद युवक को गंभीर हालत में शामली सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मेरठ मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। इससे पहले एएसपी ओपी सिंह ने युवक से बातचीत की। एसडीएम सदर विनय प्रताप ने बयान दर्ज किए।

प्रेम-प्रसंग के बाद किया शादी से इनकार
एएसपी ने बताया कि युवक 27 वर्षीय विनय कुमार पुत्र जयवीर सिंह निवासी उस्मानपुर थाना भवन है। उसका तालाब रोड निवासी विधवा महिला कोमल के साथ प्रेम-प्रंसग चल रहा था। अब उसने शादी से इनकार कर दिया।

महिला ने थाने में छेड़छाड़ का आरोप लगाकर तहरीर देने की बात कही थी। महिला थाने के सामने ही महिला काम करती है, जहां सोमवार शाम युवक महिला से मिलने आया था।

दोनों में कुछ विवाद हुआ, जिसके बाद उसने आत्मदाह का प्रयास किया। बाद में एसएसपी अभिषेक भी पहुंच गए थे। चिकित्सकों के अनुसार, युवक 70 से 80 प्रतिशत झुलस गया था।

एक युवक ने महिला थाने के बाहर खुद को आग लगा ली थी। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों ने कंबल आदि डालकर आग बुझाई। युवक को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। शुरुआती जांच में पता चला कि युवक की महिला से दोस्ती थी। महिला ने युवक पर कर्ज होने के चलते शादी से इंकार कर दिया था, जिसके बाद युवक ने इस प्रकार का कदम उठाया।

कर्ज के चलते किया शादी से मना
सूत्रों ने बताया कि विनय और महिला की दोस्ती काफी समय से है। विनय पर कर्ज होने के चलते महिला ने शादी से इनकार कर दिया था, जबकि विनय शादी की बात पर अड़ा हुआ था। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और विनय ने आत्मदाह का प्रयास किया।

Related Articles

Back to top button