सरकारी विभाग में इंजीनियर का वीड‍ियो बनाकर पत्नी ने वुमन पावर हेल्‍पलाइन पर की शि‍कायत

आगरा। वुमन पावर हेल्पलाइन पर पति-पत्नी के अजब-गजब मामले पहुंच रहे हैं। ऐसा ही एक मामला पिछले दिनों पहुंचा। सरकारी विभाग में इंजीनियर का गाली देते हुए पत्नी ने वीडियो बना लिया। आरोप लगाया कि पति उसे गाली देते हैं। इंजीनियर अपना पक्ष रखने पहुंचे तो खुद को पीड़ित बताया। कहा कि शाम को कार्यालय से आने के बाद पत्नी एक्टिवा लेकर घूमने निकल लेती है। अक्सर उन्हें खाना बनाना पड़ता है, इसलिए गुस्से में गाली निकल गई थी।

मामला शहर के इंजीनियर पति और उनकी पत्नी का है। पत्नी ने बताया कि शादी को 10 वर्ष से अधिक हो गए हैं। पति अक्सर उससे गाली-गलौज करते हैं। कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन आदत में सुधार नहीं हुआ। इस वजह से उसे यहां आना पड़ा। पत्नी ने पति का वीडियो दिखाया, इसमें वह सब्जी काटने के साथ ही गालियां देते दिखाई दे रहे थे।

हेल्‍पलाइन वालों को हुआ अचरज
हेल्पलाइन वालों को अचरज हुआ कि खाना पत्नी की जगह साहब बना रहे थे। मामला जानने के लिए इंजीनियर पति को भी बुलाकर बातचीत की गई। पति का कहना था कि पत्नी की सुविधा के लिए उसे एक्टिवा दिलाई थी। उसके बाद हुआ ये कि वह कार्यालय से शाम को आते हैं तो पत्नी एक्टिवा लेकर घूमने चली जाती है। उन्हें अक्सर चाय से लेकर खाना तक खुद ही बनाना पड़ता है। मामले में काउंसलिंग के लिए दंपती को अगली तारीख पर बुलाया है।

रील बनाने से क‍िया मना तो छोड़कर चली गई पत्नी
वहीं, एक अन्य मामला रील बनाने की शौकीन पत्नी का है। पति ने रील बनाने का विरोध किया तो पत्नी तीन महीने पहले बच्चों को छोड़कर मायके चली गई। अब लौटने को राजी नहीं है। इधर, बच्चे मां को याद कर परेशान हो रहे हैं। पत्नी ने वूमन पावर हेल्पलाइन में पति द्वारा परेशान करने की शिकायत की। दोनों को सामने बुलाने पर पूरी बात सामने आई। दोनों को अगली तारीख दी गई है।

Related Articles

Back to top button