हमने धरती को मां के रूप में सम्मान दिया

लखनऊ। सीएम ने कहा कि हम सब नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। हमारे संस्कार सदैव से माता भूमि पुत्रो पृथिव्या से जोड़ते रहे हैं। हमने कभी भी धरती को जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि मां के रूप में सम्मान दिया है और धरती को मां के रूप में सम्मान देकर के उसके प्रति जो कुछ भी अभीष्ट व अच्छा है, वह कर गुजरने की तमन्ना के साथ हर भारतवासी कार्य करता है। य़ही कारण है कि हम हजारों वर्ष की विरासत पर गौरव की अनुभूति करते हैं। यही कारण है कि अनेकता में एकता के दर्शन भारत के अंदर होते हैं। रूप-रंग, भेष भूषा, खानपान सब अलग अलग होते हुए भी हमारे भाव एक जैसे हैं। हर भारतवासी पूरब, पश्चिम, उत्तर-दक्षिण कहीं का भी हो, किसी भी मत-मजहब का है। वह पहले भारत मां को सर्वोपरि मानता है। जाति-मत मजहब नहीं, भारत माता व अपना देश उसकी पहली प्राथमिकता होती है। तमिलनाडु में जन्मा जवान भारत की रक्षा के लिए अपने बलिदान पर गौरव की अनुभूति करता है। जब देश के अंदर कभी कोई उपद्रव हुआ हो तो भारत के किसी भी कोने के जवानों ने बलिदान देने में संकोच नहीं किया, लेकिन उपद्रव समाप्त करेंगे, इस भाव से वह जुड़ा।

विरासत की रक्षा करना हर भारतीय का दायित्व
सीएम ने कहा कि हजारों वर्ष पहले केरल में जन्मा एक संन्यासी आदिशंकर के रूप में भारत के चार कोनों में चार पीठों की स्थापना करता है। यह भारत की सांस्कृतिक एकता के दर्शन कराता है, जिसके बारे में प्रधानमंत्री जी ने कहा कि विरासत की रक्षा करना हर भारतीय का दायित्व है। हर भारतवासी गौरव की अनुभूति करेगा। पंच प्रणों के साथ जुड़ेगा। आज भारत के नए दर्शन के रूप में देश बढ़ रहा है। देश के आजादी के अमृत महोत्सव के प्रथम अमृत काल के प्रथम वर्ष में प्रवेश किया तो भारत पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बनता है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है। हर भारतवासी के लिए यह गौरव की अनुभूति करने का अवसर है। यूपी को भी जी-20 के 11 समिट चार महानगरों (लखनऊ, काशी, आगरा व गौतमबद्ध नगर) में आयोजित करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। नया भारत उस दिशा में आगे बढ़ने के लिए हमें प्रेरित कर रहा है।

भारत को महाशक्ति के रूप में स्थापित करने के लिए हम भी कर पा रहे प्रयास
सीएम ने कहा कि पिछले 9 वर्ष में भारत की जो यात्रा प्रारंभ हुई है, वह सचमुच हर भारतवासी को विकसित भारत के संकल्प के साथ जोड़ रही है। भारत की 9 वर्षों की शानदार यात्रा, इंफ्रास्ट्रक्चर-आंतरिक व वाह्य सुरक्षा के मोर्चे पर हो, विरासत की गौरव पर अनुभूति करने वाला क्षेत्र हो। देश में गरीब कल्याणकारी कार्यक्रमों को बढ़ाने का कार्य हो, इस विकसित भारत के अनुरूप प्रगति को बढ़ाने के लिए जिस राज्य की सर्वाधिक भूमिका हो सकती है। हमें गौरव की अनुभूति करनी चाहिए, हम सभी उस राज्य उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और हम भी भारत को महाशक्ति को स्थापित करने के लिए प्रयास कर पा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button