ब्रज में कान्हा के अवतरण होने का इंतजार, चहुंओर भक्तों की भीड़

मथुरा। भक्तों को कान्हा के अवतरण होने का इंतजार है, चहुंओर उस घड़ी का इंतजार हो रहा है। श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर ही नहीं अपितु पूरी नगरी को भव्य तरीके से सजाया गया है। रंग बिरंगी लाइटों से मथुरा नगरी जगमगा रही है। अपने कान्हा के स्वागत को देश ही नहीं विदेशों से भी श्रद्धालु पहुंचे हैं। श्रद्धालु भजन कीर्तन में मस्त हैं। वह कीर्तन गाते हुए मस्ती में झूम रहे हैं।

वहीं श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर में भी जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां पूरी हैं। अब बस कान्हा के अवतरण का इंजतार है। श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जन्मभूमि पर वृहद इंतजाम किए गए हैं। रात के 12 बजे नंदलाल अवतरित होंगे।

इससे पहले शाम को कान्हा के स्वागत में श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव समिति द्वारा नगर में धूमधाम से भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियों के दर्शन कर भक्तजन मंत्रमुग्ध होकर नाचने लगे। इसका जगह-जगह भक्तों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। शोभायात्रा में भरतपुर गेट से शुरु होकर होलीगेट, छत्ता बाजार, असकुंडा बाजार, विश्राम घाट, चौक बाजार, मंडी रामदास, डीगगेट से होकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुख्य द्वार पर संपन्न हुई। इसमें झांकियों के आगे-आगे सजेधजे ऊंट, घोड़ा चल रहे थे। भगवान गणेश की झांकी के पीछे यमुना महारानी, लड्डू गोपाल की झांकी आकर्षक का केंद्र रही। इन झांकियों के मध्य बैंड-बाजे एवं ढोल नगाड़े की धुन पर भक्तजन नाचते-झूमते चल रहे थे। राधे-राधे संकीर्तन मंडल, केशव देव भगवान की झांकियों ने भक्तों का मन मोह लिया।

बारिश में बढ़ाई अधिकारियों की धड़कन

श्रीकृष्ण जन्मभूमि क्षेत्र को विद्युत रोशनी से जगमग करने के लिए निगम अधिकारियों-कर्मचारियों ने दिन रात मेहनत की थी। सोमवार को जैसे ही जन्मस्थान पर तेज बारिश शुरू हुई। अधिकारियों की धड़कन बढ़ गई। अधिकारी बिजलीघर पहुंच गए। सप्लाई की मॉनिटरिंग करने लगे। बारिश बंद होने के बाद निगम अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

Related Articles

Back to top button