सरकारी अस्पतालों में आनलाइन ओपीडी पंजीकरण में यूपी सबसे आगे – ब्रजेश पाठक

सबसे ज्यादा पंजीकरण वाले 25 अस्पतालों में से 15 अस्पताल उत्तर प्रदेश के

लखनऊ। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया है कि सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए ऑनलाइन ओपीडी पंजीकरण में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। देश भर में पिछले दो वर्ष में नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (एनएचए) के तहत स्कैन और शेयर सेवा के जरिए बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) के लिए करीब 4.7 करोड़ ऑनलाइन पंजीकरण किए गए। इनमें 1.24 करोड़ ओपीडी टोकन अकेले उत्तर प्रदेश से जारी किए गए।

उप मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में मरीजों को गुणवत्तापरक उपचार मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा पंजीकरण वाले 25 अस्पतालों में से 15 अस्पताल उत्तर प्रदेश के है और उसके बाद पांच आंध्र प्रदेश के हैं।

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के डैशबोर्ड के 5 सितंबर तक प्रदर्शित आंकड़ों के अनुसार ऑनलाइन ओपीडी पंजीकरण में उत्तर प्रदेश के बाद आंध्र प्रदेश का नंबर है, जहां 81 लाख मरीजों ने ओपीडी में इलाज के लिए ऑनलाइन टोकन लिया। कुल 57 लाख टोकन के साथ बिहार तीसरे स्थान पर है। तमिलनाडु और केरल जैसे राज्यों में इस सेवा के माध्यम से 10 हजार से भी कम ओपीडी पंजीकरण टोकन दिए गए।

खास यह कि इस सूची में महज 949 टोकन के साथ तमिलनाडु सबसे नीचे है। हिमाचल प्रदेश नीचे से दूसरे स्थान पर है, जहां केवल 1,365 ओपीडी पंजीकरण ऑनलाइन किए गए। इसके बाद गोवा में महज 2,381 और केरल में 7,983 मरीजों ने ओपीडी में इलाज के लिए ऑनलाइन पंजीकरण टोकन लिया।

Related Articles

Back to top button