नर्तकियों के अपहरण में दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल

कुशीनगर। जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के गोबराही गांव में दो नर्तकियों के अपहरण के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ मंगलवार की सुबह परोरहा पुल के पास हुई। दोनों आरोपियों पर 25–25 हजार का इनाम घोषित था।

घायल आरोपियों की पहचान निसार अंसारी पुत्र रहिमल अंसारी साकिन लक्ष्मीगंज थाना रामकोला जनपद कुशीनगर व आदित्य साहनी पुत्र कमलेश साहनी बभनौली थाना कप्तानगंज जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। आदित्य साहनी पर पूर्व में तीन मुकदमें दर्ज है। अपहरण व गैंगरेप के इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने अब तक आठ लोगों की गिऱफ्तारी की है। दो फार्चुनर गाड़ी एवं पांच अदद असलहा मय कारतूस बरामद किया जा चुका है। बदमाशों ने रविवार की रात्रि असलहे के बल पर नर्तकियों को उठा लिया था। फायर कर दहशत पैदा की और नर्तकियों को ले जाकर जन्मदिन की पार्टी में नचाया था।

मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नर्तकियों को बरामद करने के साथ छह आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया था। दो आरोपी फरार हो गए थे, जो आज सुबह मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने के बाद गिरफ्तार हुए। मुठभेड़ में प्रभारी निरीक्षक उमेश पंत , सुशील सिंह व आशुतोष सिंह व थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता, रवि राय आदि शामिल रहे। अग्रिम विधिक कार्यवाही जारी है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि प्रकरण की विवेचना कर सख्त कारवाई के निर्देश हैं। विवेचना न्यायालय में दाखिल कर आरोपियों को सख्त सजा दिलाई जायेगी।

Related Articles

Back to top button