हाईवे पर ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 10 लोग घायल- तीन घंटे जाम-प्रदर्शन

अलीगढ़ : गभाना क्षेत्र में गाजियाबाद-अलीगढ़ एक्सप्रेस वे (एनएच-34) हाईवे पर शनिवार देर रात शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे लोगों की कार को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के आठ बच्चों समेत 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें अलीगढ़ कें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, तीन लोगों की हालत गंभीर है।

वहीं गुस्साए ग्रामीणों ने डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मियों पर रुपए लेकर ट्रक चालक को भगाने का आरोप लगाकर हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। देर रात सीओ गभाना शुबेंदु सिंह के समझाने पर लोग शांत हुए।

गभाना क्षेत्र के गांव खेड़िया हैवतखां निवासी भरत चौधरी, भतीजे अजय व परिवार की ही छह वर्षीय आस्था चौधरी, आठ वर्षीय खुशी चौधरी पुत्री विकास, कपिल चौधरी, रितु चौधरी, शौर्य चौधरी, तनु चौधरी पुत्री बच्चन सिंह के अलावा बागपत के खेड़ा खेखड़ा निवासी मेघा चौधरी पुत्री धर्मवीर चौधरी, मिस्टी पुत्री अनुराग चौधरी एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए भांकरी आए थे। मेघा व मिष्टी भरत की धेवती हैं।

ग्रामीणों ने हाईवे पर लगाया जाम
रात करीब नौ बजे सभी लोग कार से लौट रहे थे। पचपेड़ा मोड़ पर ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इसमें सभी लोग घायल हो गए। कार क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कार की खिड़की तोड़कर बाहर निकाला और अलीगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी होने बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और जमकर हंगामा करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। थाना पुलिस भी मौके पर आ गई।

ग्रामीणों ने पुलिस पर लगाया आरोप
जाम को खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों का आरोप था कि यूपी डायल-112 की पीआरवी 741 पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपित चालक से रुपए लेकर उसे भगा दिया है। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की। दी रात करीब 12 बजे सीओ गभाना शुबेंदु सिंह मौके पर पहुंचे।

उन्होंने जांच कराकर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने व आरोपित ट्रक चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम खोला। देर रात आस्था, खुशी व कपिल का उपचार चल रहा था। अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई। सीओ ने बताया कि घायलों का उपचार चल रहा है। तहरीर के आधार पर आरोपित चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। उसकी तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button