खेत से लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, मौत

हमीरपुर : खेत से लौट रहे युवक को बीच रास्ते अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। परिजन सारा दिन उसका प्राइवेट क्लीनिक में उपचार कराते रहे। हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल भागे, जहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना कुरारा के उमराहट गांव निवासी 35 वर्षीय अरविंद निषाद मंगलवार की सुबह 11 बजे के आसपास अपने खेतों से लौट रहा था, तभी उसे मनकी मार्ग में भैदन डेरा मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। अरविंद के चचेरे भाई मनोज ने बताया कि टक्कर लगने से अरविंद सड़क किनारे खाई में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए कानपुर देहात के मूसानगर ले गए। सारा दिन इलाज होने के बाद शाम को हालत ज्यादा बिगड़ी तो परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल भागे, जहां डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अरविंद अपने पीछे तीन लड़कियां, एक लड़का और परिजनों को रोता-बिलखता छोड़ गया है।

Related Articles

Back to top button