चचेरे देवर से प्रेम-प्रसंग के चक्‍कर में महि‍ला ने की तीन बच्‍चों की हत्‍या

औरैया। पति की मौत हुई तो महिला का प्रेम प्रसंग चचेरे देवर से चलने लगा। महिला उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन उसके चार बच्चे थे और प्रेमी उन्हें साथ रखने को तैयार नहीं था। दोनों ने उन्हें रास्ते से हटाने की सोची और महिला ने चारों बच्चों को सेंगुर नदी में डुबा दिया। बड़ा बेटा बचकर भाग निकला, लेकिन बाकी के तीन ने दम तोड़ दिया।

घटना गुरुवार सुबह तालेपुर घाट पर हुई। बड़े बेटे ने घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को नदी से निकाला। हत्यारोपित महिला और उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पत‍ि की करंट से हो गई थी मौत
चार बेटों की मां प्रियंका सविता के पति अवनीश की करीब दो वर्ष पहले करंट से मौत हो गई थी। इसके बाद 30 वर्षीय प्रियंका का अपने चचेरे देवर आशीष के साथ प्रेम प्रसंग चलने लगा। दो माह पहले वह आशीष के साथ औरैया में किराए के मकान में रहने लगी। गुरुवार सुबह करीब सात बजे प्रियंका ननिहाल जाने की बात कहकर बच्चों को लेकर आटो से सेंगुर नदी पहुंच गई। वहां चारों बच्चों को बारी-बारी से नदी में डुबा दिया।

सबसे बड़ा बेटा जान बचाकर भागा
सबसे बड़ा आठ वर्षीय बेटा जान बचाकर नदी के पुल पर पहुंच गया। वहां से गुजर रहे ग्रामीण सतेंद्र सिंह को बताया कि मां ने तीन भाइयों को मार दिया। पुलिस की पूछताछ में प्रियंका ने बताया कि आशीष बच्चों को साथ में नहीं रखना चाहता था। इसलिए हम लोगों ने बच्चों को मारने की साजिश रची। एसपी चारू निगम ने बताया कि घटनास्थल पर प्रेमी साथ गया था कि नहीं इसकी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button