भू वैज्ञानिक को राष्ट्रपति द्वाराराष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया

महमूदाबाद, सीतापुर- महमूदाबाद के संगतकिला में रहने वाले भू-वैज्ञानिक को मंगलवार को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया। महमूदाबाद के लाल को पुरस्कार मिलने पर उसे बधाई देने वालों का तांता लगा है।
महमूदाबाद नगर के संगत किला के रहने वाले तहसील में स्टांप बिक्री करने वाले रमाशंकर शुक्ल के पुत्र अभिषेक शुक्ल को वर्ष 2014 से 2021 तक कर्नाटक में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के लिए कार्य करते हुए तांबा और सोने की खोज करने के कार्य के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मंगलवार को मिला है। अभिषेक ने बताया कि किसी भी वैज्ञानिक को उसके पूरे कार्यकाल में केवल एक बार ही यह पुरस्कार मिलता है। उन्होंने हाईस्कूल और इण्टमीडिएट की पढ़ाई महमूदाबाद के सीता इंटर कालेज से की। उन्हें वर्ष 2003 की हाईस्कूल यूपी बोर्ड परीक्षा में जनपद में पहला स्थान मिला और वर्ष 2005 की इण्टर यूपी बोर्ड परीक्षा में जनपद चौथा स्थान मिला था। लखनऊ विश्वविद्यालय से परस्नातक की डिग्री प्राप्त करने से पूर्व ही अभिषेक को हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड में जूनियर वैज्ञानिक का पदभार मिला।

इसके बाद 2013 में अभिषेक ने संघ लोक सेवा आयोग से चयनित होकर भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण में बतौर भू-वैज्ञानिक अपनी सेवाएं प्रारम्भ कीं। 2014-21 तक कर्नाटक में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के लिए कार्य करते हुए तांबा और सोने की खोज करने के कार्य किया। 2017-18 में अभिषेक को उच्च स्तरीय उपलब्धि के लिए खान मंत्रालय द्वारा सम्मानित किया गया। अभिषेक को 2020 में भारतीय भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण का युवा वैज्ञानिक पुरस्कार मिला तथा 2021 में राष्ट्रीय वैज्ञानिक संगोष्ठी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया। अभिषेक ने कहा कि वे अपने आप को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें सीता इंटर कालेज जैसा विद्यालय और शिक्षक मिले जहां उन्होंने जीवन का ककहरा सीखा। उनका मानना है कि इमारत तभी मजबूत होती है जब उसकी नींव मजबूत हो। जीवन में मिली हर सफलता में वो अपने माता-पिता, अपने गुरुजन और सीता ग्रुप के चेयरमैन रमेश वाजपेयी का योगदान अहम मानते हैं। अभिषेक को स्वामी विवेकानंद और उनकी किताबों ने बहुत प्रेरित किया। पिता के संघर्ष और कड़ी मेहनत ने अभिषेक को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। मां अन्नपूर्णा शुक्ला, पत्नी शालिनी शुक्ला, पुत्रियां अशिता और लक्षिका शुक्ला समेत नगरवासी खबर सुनने के बाद बेहद खुश हैं।

Related Articles

Back to top button