तेंदुए के आतंक से डरे हुए हैं ग्रामीण

बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के धर्मापुर रेंज अंतर्गत धर्मापुर गांव में बीती रात तेंदुआ ने कहर बरपा दिया। उसने गांव निवासी चुन्नु की आठ वर्षीय बालिका शमा पर झपट्टा मारकर उठा ले गया। इस दौरान वह अपनी बहनों के साथ घर में खेल रही थी। गन्‍ने के खेत में बच्‍ची का क्षत विक्षत शव मिला है। घटना से गांव में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि शमा अपनी दो बहनों के साथ खेल रही थी। खेलते-खेलते दोनों बहने अपने कमरे में चली गईं जबकि शमा पीछे रह गई। उसपर पहले से ही घात लगाए बैठे तेंदुए ने झपट्टा मारकर उठा ले गया। रात को शमा को कमरे में न पाकर परिजनों को चिंता हुई तो उन्होंने खोजबीन शुरू की और सूचना वन विभाग को दी।

कमरे के बाहर खून के निशान होने से वन विभाग ने पगचिन्हों के मध्ययम से उसका पीछा किया। रात भर पेट्रोलिंग करते रहे लेकिन कोई शुराग नहीं मिला। सुबह घर से कुछ दूरी पर गन्ने के खेत में उसका शव क्षत विक्षत अवस्था में पाया गया। शव को देखकर मौके पर मौजूद अधिकारी कांप गए।

रेंजर मोबीन आरिफ ने शव को बरामद किया। घटना की सूचना मिलते ही थाना मुर्तिहा की पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रेन्जर ने बताया कि मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता के रुप में 10 हजार रुपया दिया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजस्व विभाग की तरफ से परिजनों को पांच लाख का मुआवजा दिया जाएगा। साथ पेट्रोलिंग बढ़ा दी गयी है।

Related Articles

Back to top button