भतीजे की शादी समारोह में पहुंचे चाचा, तालाब में डूबने से हुई मौत


फतेहपुर-बाराबंकी। भतीजे की शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे एक व्यक्ति की गुरुवार दोपहर नगर के श्री शक्तिधाम सरोवर में डूब कर मौत हो गई। मृतक नशे की हालत में नहाने के लिए सरोवर में उतर गया था।  देर शाम तक गोताखोर शव की तलाश में जुटे रहे।

नगर के पौराणिक स्थल
मालूम हो श्रीशक्तिधाम महादेव तालाब परिसर में आए दिन गरीब परिवार की कन्याओं के विवाह सम्पन्न होते है। गुरुवार को यहां ग्राम बिलौली के कुलदीप चौहान व कटघरा निवासी निशा चौहान की शादी हो रही थी। कुलदीप का चाचा राम बहादुर भी विवाह में शामिल होने आया था। शादी के रस्मों के बीच दौरान अचानक राम बहादुर सरोवर में नहाने पहुंच गया। जबकि इस सरोवर में नहाने आदि पर मंदिर प्रबंधन द्वारा सख्ती से रोक लगाई है। नशे की हालत में उसे सरोवर में उतरते देख आसपास मौजूद लोगों ने रोकने की कोशिश की पर उसने सभी की अनसुनी कर सरोवर में नहाने लगा। सरोवर में जाते ही राम बहादुर गहरे पानी मे डूबने लगा। इससे पहले कोई कुछ कर पाता देखते देखते सरोवर में डूब गया। घटना की जानकारी होते ही शादी समारोह में कोहराम मच गया। बदहवास दूल्हे कुलदीप का रो रो कर बुरा हाल था। गमगीन माहौल में किसी तरह आनन फानन में दुल्हन की विदाई करा दी गई। 

पुलिस ने गोताखोरों द्वारा शुरू कराई खोज

इंस्पेक्टर डीके सिंह फोर्स के साथ मौके पर आ गए। शक्तिधाम समिति के अनिल अग्रवाल, दिनेश वैश्य, राजेश पाठक आदि भी पहुंच गए। मोहल्ला फ़ैयाजपुरा के तैराक युवकों गुदान, माताप्रसाद, ऋषभ, पवन, शिवा कश्यप, आजाद खान, इमरान ने जाल लगा कर खोज शुरू की। पर कड़ी मेहनत के बावजूद शाम तक शव को खोजा नही जा सका।  

नशे का आदी था मृतक

करीब 16 वर्ष पूर्व मृतक राम बहादुर बिना शादी किये एक महिला के साथ रहने लगा। उसके तीन पुत्रों में बड़े रोहित की मौत हो चुकी है। मंझला ननकू बीमार है। छोटा कुलदीप पिता के साथ मजदूरी करता था। नशे के कारण कई वर्ष पूर्व उसकी पत्नी उसे छोड़ कर चली गई। वह अक्सर नशे में धुत रहता था। आज नशे ने ही उसकी जान ले ली।

Related Articles

Back to top button