प्रकाश पर्व पर निकली भव्य शोभायात्रा

बलिया। श्रीगुरु गोविद सिंह के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में मंगलवार की दोपहर नगर के गुरुद्वारा से पंज प्यारों की अगुवाई में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में पुरुषों, महिलाओं व बच्चों ने भाग लिया। सबद-कीर्तन करते हुए अनुयायियों का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान भक्तों ने नि:स्वार्थ भाव से पीड़ित समाज की सेवा का संकल्प लिया।
गुरुद्वारा से दोपहर 1 बजे शोभायात्रा निकलकर कासिम बाजार, टाउनहाल रोड, स्टेशन चौक रोड होते हुए निर्धारित मार्ग से वापस गुरुद्वारा पहुंची। इस दौरान समाज की महिलाएं शोभायात्रा के मार्ग पर झाडू व पानी से सफाई करती रहीं। इस दौरान करतबबाजों ने एक से बढ़कर एक करतब दिखाए। ‘बोले सो निहाल, सतश्री आकाल’, ‘राज करेगा खालसा, आकी रहे न कोय’ तथा ‘सो क्यों मंदा आखिये, जिवत जन्म राजान’ जैसे नारों से भक्तजनों का जत्था पूरे नगर को गुंजायमान कर रहा था।

Related Articles

Back to top button