सरकार व संगठन को अपनी-अपनी जिम्मेदारी का अहसास करा गये बी.एल. संतोष

चुनाव परिणाम के लिए सरकार व संगठन दोनों जिम्मेदार

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा)के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) मंत्री बी.एल. संतोष ने लखनऊ के दो दिवसीय दौरे के दौरान सरकार व संगठन को अपनी-अपनी जिम्मेदारी का अहसास कराने का काम किया।

उत्तर प्रदेश में भाजपा को हुए नुकसान के लिए उन्होंने प्रत्यक्ष रूप से भले ही सरकार व संगठन को जिम्मेदार न ठहराया हो, लेकिन उन्होंने यह अवश्य कहा कि कोई भी अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता।

बीएल संतोष ने दो दिन के भीतर मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों व अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारियों के अलावा मीडिया व सोशल मीडिया के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी रणनीति के बिन्दुओं पर अमल करने को कहा। दो दिवसीय उनके प्रवास का मुख्य फोकस प्रदेश कार्यसमिति की तैयारी, विधानसभा उपचुनाव, दलितों को पार्टी से जोड़ने व आगामी कार्यक्रमों व अभियानों पर रहा।

विपक्ष के षडयंत्रों को बेनकाब करेगी भाजपा

रविवार को राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने मीडिया एवं सोशल मीडिया विभाग के साथ बैठक की। बैठक में बीएल संतोष ने कहा कि प्रवक्ता पार्टी का चेहरा होता है। इसलिए चर्चा व डिबेट में पूरी तैयारी के साथ जाएं और दमदारी से आंकड़ों के साथ अपना पक्ष रखें। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ताकत बढ़ी है। इसलिए हमें हर मोर्चे पर वह चाहे सोशल मीडिया, इलेक्ट्रानिक मीडिया या प्रिन्ट माध्यम हो उनको जवाब देने के लिए अपने को तैयार रखना होगा। वह झूठ व भ्रम फैलाने का काम करेंगे। इसलिए सबका साथ सबका विकास के मूल मंत्र को ध्यान में रखते हुए उनकी साजिशों का पर्दाफाश भी करना होगा। इसमें सबसे ज्यादा प्रभावी भूमिका मीडिया विभाग को निभानी है। क्योंकि धरातल पर काम पार्टी के कार्यकर्ता व पदाधिकारी करते हैं, लेकिन वैचारिक लड़ाई लड़ने का काम मीडिया विभाग का है। हमें हर मोर्चे पर विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ खंडन करना है।

विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज कर हताशा दूर करगी भाजपा

विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज कर भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं की हताशा दूर करने का काम करेगी। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने कहा कि विधानसभा उपचुनाव की जीत ही 2027 का मार्ग प्रशस्त करेगी। लोकसभा चुनाव परिणाम से कार्यकर्ताओं में जो निराशा का भाव पैदा हो गया है। इसे तत्काल दूर करना आवश्यक है। इसके लिए जरूरी है कि प्रदेश में होने वाले उपचुनाव को मजबूती से लड़कर विजय सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा भाजपा सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी, सर्वग्राही एवं सर्वसमावेशी संगठन है। इसलिए पार्टी कार्यकर्ताओं से सम्पर्क व संवाद निरन्तर बना रहना चाहिए है।

अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारियों से लिया फीड बैक

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने रविवार को अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारियों व अनुसूचित समाज के सांसद,विधायक व मंत्रियों के साथ बैठक कर लोकसभा चुनाव परिणाम की समीक्षा की। अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारियों का कहना था कि संविधान व आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा की चुप्पी से नुकसान हुआ। वहीं कुछ पदाधिकारियों का यह भी कहना था कि चुनाव प्रचार में उनका उपयोग नहीं किया गया।

Related Articles

Back to top button