चार सदस्यीय टीम ने की यमुना पुल की जांच, देखी कोठी और स्लैब

हमीरपुर : हैदराबाद से आई चार सदस्यीय सेतु निगम की टीम ने गुरूवार को तीन घंटे तक यमुना पुल के सभी कोठियां और स्लैब के साथ साथ अन्य कई बारीकियों की गहनता से जांच की।
गुरूवार की सुबह से जांच टीम ने यमुना पुल में अपना डेरा डाल लिया था। हैदराबाद से आए पुल के इंजीनियर राकेश जैन और मनोज कुमार के साथ आए दो आपरेटरों की टीम ने मशीन के माध्यम से यमुना पुल की सभी कोठियों के साथ साथ वियरिंग, पिलर कैप, गर्डर्स, डैकस्लैब, सस्पेंडेंड गर्डर समेत अन्य चीजों की बारीकियों से जांच की। हैदराबाद से आई टीम के साथ कंसलटेंसी एमएसवी इंटरनेशनल टीम की करीब आठ सदस्य जांच के दौरान मौजूद रहे। टीम ने यमुना पुल की जांच के दौरान फोटो और वीडियोग्राफी भी की। यह जांच करीब तीन घंटे तक चली। पीएनसी के इंजीनियर संदीप राठौर ने बताया कि जांच के दौरान कंसलटेंसी के प्रभारी उमेश कुमार समेत अन्य लोग भी जांच के दौरान मौजूद रहे। टीम द्वारा की गई जांच की रिपोर्ट 15 से 20 दिन में एनएचआइ को दे दी जाएगी और उसके बाद जो भी कमियां होगीं उन्हें दुरुस्त किया जाएगा। यमुना पुल की जांच के दौरान कानपुर सागर हाईवे पर वाहनों का जाम लगना शुरू हो गया। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए वन-वे कर धीरे धीरे वाहनों का संचालन कराया गया। ताकि अधिक वाहन जाम में न फंस पाए। वहीं जैसे ही जांच पूरी हुई। उसके बाद वाहनों का संचालन पूरी तरह से करा दिया गया। इस दौरान एक ट्रक खराब होने के कारण हाईवे पर काफी लंबा जाम लगा रहा। यह जाम करीब दो घंटे तक लगा रहा। यातायात प्रभारी हरवेंद्र सिंह ने बताया कि खराब हुए वाहन को हटवाकर जाम खुलवाया गया।

Related Articles

Back to top button