मुख्यमंत्री ने वृक्ष को बांधा रक्षा सूत्र, किया पौधरोपण

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को रक्षा बंधन एवं बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस पर पटना स्थित राजधानी वाटिका में ‘बाम्बेक्स इपलीटिका’ वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधा। साथ ही ‘डोरंडा’ पौधे का रोपण भी किया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 13 अगस्त, 2012 को रक्षा बंधन पर बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस का शुभारंभ किया था। इसका उद्देश्य है कि पर्यावरण के प्रति लोग जागरूक हों। पौधों को संरक्षित करें और अधिक से अधिक पौधरोपण करें। जलवायु परिवर्तन से पृथ्वी पर हो रहे नुकसान को कम करने के लिए पौधरोपण करना एवं इन्हें बचाना अतिआवश्यक है। जल-जीवन-हरियाली एवं अन्य योजनाओं के अन्तर्गत बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जा रहा है। राज्य में इको टूरिज्म को भी बढ़ावा देने की दिशा में भी तेजी से काम आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार की योजनाओं एवं प्रयासों से राज्य के लोग पर्यावरण एवं जीव-जंतुओं के संरक्षण तथा पौधरोपण के प्रति जागरूक हो रहे हैं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन एवं संसदीय कार्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ प्रेम कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button