देश में खेल की बुनियाद थे के.डी. सिंह बाबू: गोप

बाबू सोसाइटी लखनऊ से जुड़े पूर्व खिलाड़ियों को मिला के.डी. सिंह बाबू स्मृति सेवा अवार्ड

बाराबंकी। के.डी सिंह बाबू ने देश में खेल की बुनियाद रखी। वह हर खिलाड़ी में सिर्फ खेल और जुनून देखते थे। सिर्फ हॉकी से मोहब्बत ही उनके लिए योग्यता थी और उन्होंने ज़िन्दगी भर इसी नियम को माना। के.डी सिंह बाबू को पढ़ना चाहिए, जानना चाहिए क्योंकि यही वह लोग थे जिन्होंने हॉकी को भारत का राष्ट्रीय खेल बनाया। यह बात गांधी भवन में खेल जगत से जुड़ी प्रतिभाओं को सम्मानित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविन्द कुमार सिंह गोप ने कही। श्री गोप ने पूर्व आलंपिक खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को के.डी सिंह बाबू खेल सेवा अवार्ड से सम्मानित किया। इस मौके पर श्री गोप ने बाबू सोसाइटी लखनऊ से जुड़े पूर्व ओलम्पिक खिलाड़ी सुजीत कुमार, एम.ए. शाह, खुर्शीद अहमद, इमरान अहमद, आशुतोष पाण्डेय, सैय्यद अली, सिराज अहमद, डी.आर सिंह, संजय चौधरी को के.डी. सिंह बाबू स्मृति सेवा अवार्ड से सम्मानित किया। वहीं विभिन्न खेलों को बढ़ावा देने वाले के.डी. सिंह बाबू शताब्दी समिति के संरक्षक अरविन्द सिंह गोप को ट्रस्ट की ओर से के.डी. सिंह बाबू स्मृति सेवा अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता इमरान किदवई, विनय कुमार सिंह, शिवशंकर शुक्ला, अशोक शुक्ला, मुजीब अहमद एवं महात्मा गांधी स्पार्ट्स क्लब के पदाधिकारी मौजूद रहे।

हॉकी प्रतियोगिता का रहा है गौरवशाली इतिहास: सरवर अली

महात्मा गांधी सप्ताह के चौथे दिन महात्मा गांधी स्पोर्ट्स क्लब द्वारा बंकी खेल मैदान में तीन दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सरवर अली खान ने किया। इस मौके पर उन्होंने हॉकी खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया और कहा कि हॉकी प्रतियोगिता का इतिहास बहुत गौरवशाली रहा है। यहां के.डी सिंह बाबू सरीखे खिलाड़ी अपने खेल का प्रदर्शन कर चुके है। क्लब ने इस परम्परा को कायम रखकर जिले का मान रखा है। उद्घाटन के समय पूर्व विधायक सरवर अली ने महात्मा गांधी स्पोर्ट्स क्लब को 10 हॉकी भेंट की। इस मौके पर चार टीम ए, बी, सी और डी के बीच मैच खेला गया। टीम सी और टीम ए ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। टीम सी ने 3-0 से मैच जीता, वहीं टीम ए ने 2-1 से मैच अपने नाम किया। इस मौके पर क्लब के अध्यक्ष सलाहउद्दीन किदवई, सतीश जासवाल, विजय अवस्थी, मुजीब अहमद, अयाज अहमद, रणंजय शर्मा, सोनू आदि लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button