पिपरा में आम तोड़ने के विवाद को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग

सिद्धार्थनगर। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मझारी के टोला पिपरा में आम तोड़ने के विवाद में एक व्यक्ति ने ताबड़तोड़ फायरिंग की है। इसमें फायरिंग करने वाला प्रधान पुत्र समेत तीन व्यक्ति घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांसी भेजा गया है। मामले की छानबीन करने पहुंची पुलिस को मौके से चार फायरशुदा कारतूस भी मिला है।

पुत्र विवादित पेड़ से तोड़ रहा था आम
गांव एक आम के पेड़ को लेकर ग्राम प्रधान प्रभावती के पुत्र मोहन निषाद व ओम प्रकाश त्रिपाठी के बीच मुकदमा चल रहा है। रविवार की सुबह मोहन के पुत्र विवादित आम के पेड़ से आम तोड़ रहे थे। ओम प्रकाश ने मना किया तो बच्चों ने इसकी जानकारी मोहन निषाद को दी। मोहन व ओम प्रकाश के बीच इस बात को लेकर तकरार होने लगी।

बाद में दोनों पक्षों से ईंट पत्थर चलने लगे। इसी बीच मोहन ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। गोली ओम प्रकाश के पेट में जा लगी। दूसरे फायर में ओम प्रकाश के पुत्र 12 वर्षीय सत्यम को गोली लग गई। प्रत्यक्ष दर्शियों का कहना है कि फायर करते हुए गोली महेश के हाथ में भी लगी है।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांसी में भर्ती कराया है। घटना की जानकारी पाकर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ भी मौके पर पहुंच गए। वह मामले की छानबीन में जुटे हुए हैं। पुलिस को मौके से चार फायरशुदा कारतस भी बरामद हुआ है। पुलिस उसे कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button