खेल छात्रों के चरित्र निर्माण में निभाता है महत्वपूर्ण भूमिका: संजीव पाठक

कानपुर। खेल छात्रों के चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है । अतः छात्र-छात्राओं को खेल और अध्ययन दोनों में परिश्रम करना चाहिए। परिश्रम का कोई शॉर्टकट नहीं होता है। यह बात मंगलवार को बी.एन.एस.डी. शिक्षा निकेतन इण्टर काॅलेज बेनाझाबर में आज ”आजादी का अमृत महोत्सव” के अन्तर्गत ”हर घर तिरंगा” कार्यक्रम में छात्र—छात्राओं संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि अन्तर्राष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी संजीव पाठक ने कहा।

उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं में अथाह प्रतिभा होती है, अतः उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का भरपूर प्रयास करना चाहिए।

समारोह में उपस्थित एन.सी.सी. 55 बटालियन के कर्नल सी.सी.नाग ने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि ज्ञान प्राप्त करने के लिए उन्हें सदैव प्रयासरत रहना चाहिए, क्योंकि जब तक उनके जीवन में ज्ञान का उदय नहीं होगा, तब तक चारों तरफ अंधकार ही छाया रहेगा। आगे कहा कि अच्छे ज्ञान के साथ-साथ अच्छे संस्कार, अच्छी संगति, संगठन, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता बहुत आवश्यक है।

छात्र संसद के प्रधानमंत्री भैइया अम्बुज सिंह ने सभी छात्र-छात्राओं को ”मेरा तिरंगा मेरा अभिमान” के अंतर्गत शपथ ग्रहण कराई। ”वन्दे मातरम”, ”भारत माता की जय” आदि के उद्घोष से सारा वातावरण गूंज उठा।

यह जानकारी देते हुए बी.एन.एस.डी. शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज बेनाझाबर के प्रधानाचार्य बृजमोहन कुमार सिंह ने बताया कि आज ”आजादी का अमृत महोत्सव” के अन्तर्गत ”हर घर तिरंगा” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का सम्मान किया गया। सभी छात्र-छात्राएं तिरंगा लहराते हुए देशप्रेम व देशभक्ति के उत्साह से परिपूर्ण थे। विद्यालय प्रांगण का तिरंगामय दृश्य अद्भुत था। सभी छात्र अपने-अपने घर से राष्ट्रध्वज तिरंगा लाये थे। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का परिचय उप प्रधानाचार्या श्रीमती मंजूबाला श्रीवास्तव ने कराया। इस अवसर पर सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button