अंबेडकरनगर में सीएम योगी के निशाने पर सपा और कांग्रेस 

अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को 21 अरब 22 करोड़ रुपए की 4,977 विकास व कल्याणकारी परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। जिला मुख्यालय अकबरपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा यह सौगात होली से पूर्व जनपद वासियों को उपहार के रूप में प्राप्त हो रही हैं।

सीएम के निशाने पर सपा और कांग्रेस रही। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग आपके जनपद का नाम भी मिटा देने चाहते थे। उन्होंने बाबा भीमराव आंबेडकर के नाम पर कन्नौज मेडिकल कालेज का नाम हटा दिया। हमने उसे फिर से जोड़ दिया, कहा कि डॉ. आंबेडकर भारत के संविधान के शिल्पी थे उनके नाम पर कोई समझौता नहीं हो सकता। समाजवादी पार्टी दलित विरोधी है। उन्होंने उनका नाम मिटाया होगा हम फिर उनका नामकरण करेंगे।

देश के नागरिक प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बदलते भारत को देख रहे हैं। पहले हम अपने लिए सम्मान खोजते थे, विकास कोसों दूर था, आतंकवाद हावी था, लेकिन 10 वर्षों में यह स्थिति बदल गई हैं। देश विकास की श्रेणी में सभी से आगे निकल गया है। प्रधानमंत्री ने अयोध्या में रामलला को विराजमान कर हिंदुओं का सम्मान दिया। लोगों को किसी न किसी योजना से जोड़ कर उसका लाभ दिया गया है।

डबल इंजन की सरकार न होती, तो 56 लाख लोगों को आवास नहीं मिल पाता। सपा-कांग्रेस की सरकार यह कभी नहीं दे पाती। वे सिर्फ अपनी जेब भरती रही थी। सूबे में चाचा-भतीजे में जंग चल रही है। वहीं डबल इंजन की सरकार में बिना भेदभाव के विकास हो रहा है। आज अयोध्या में राममंदिर का निर्माण हुआ है। सपा के कार्यकाल में यह न हो पाता। सिंचाई की बिजली बिल माफ व आपूर्ति सुधारी है। सरकार फैमिली कार्ड जारी करने जा रहा है। हर व्यक्ति के पास फैमिली आइडी उसकी पहचान होगी। उसी से राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड बन जाएगा। सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिलेगा। बेरोजगार को नौकरी दी जाएगी।

सीएम योगी ने कहा क‍ि वर्ष 2017 के पहले भी सरकार थीं, लेकिन वे अपने बारे में सोचते थे, जनता के हित से उनका कोई सरोकार नहीं था। माफिया का मनोबल बढ़ा था, अब अगले चौराहे पर उनका सामना पुलिस से होना  है। सुरक्षा के साथ विकास का लाभ आपको मिलता रहे, इसके लिए अभी आवश्यक है कि डबल इंजन की सरकार रहे। सांसद रितेश पांडेय ने कहा डबल इंजन की सरकार विकास को गति देने व वर्ष 2047 तक देश की अर्थव्यवस्था, कृषि, विकास, उद्योग आदि में पहला स्थान होगा। प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश में अंबेडकरनगर माडल के रूप में प्रस्तुत होगा। सपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग पीडीए लेकर आए हैं वो सत्ता की कुर्सी के लिए आए है और पीएम मोदी जनता, विकास व राष्ट्र को मजबूती प्रदान करने आए हैं।

उन्नति, विकास के लिए मोदी सरकार पर मां लक्ष्मी का आशीर्वाद जरूरी

सीएम योगी ने कहा कि देश की उन्नति, विकास के लिए मोदी सरकार पर मां लक्ष्मी का आशीर्वाद जरूरी है और मां लक्ष्मी हमेशा कमल के फूल पर आती हैं। 2024 के चुनाव में यह आप सभी को मिलकर साकार करना होगा।

Related Articles

Back to top button