श्री गणेश प्रतिमा विसर्जन में उमड़ा जन सैलाब, गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा नगर

फतेहपुर-बाराबंकी। नगर के सात पंडालों में विराजमान भगवान गजानन प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा में पूरा नगर उमड़ पड़ा। जिले में सर्वाधिक स्थानों पर गणेश पूजा के पंडाल फतेहपुर में सजे थे। दो दिवसीय शोभायात्रा के प्रथम दिवस दो प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया था। सोमवार को सात अन्य प्रतिमाओं को गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ, के जोशीले नारों तथा उत्साह के बीच विदा कर दिया गया। हजारों की संख्या से ज्यादा शामिल गणेश भक्तों ने सड़कों पर गुलाब की पंखुड़ियों व अबीर गुलाल से गणपति बप्पा का स्वागत किया। शोभा यात्रा में सभी पंडालों के लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाऐ झूमती गाती नजर आई।

नगर क्षेत्र के नौ स्थानों पर हुई स्थापना

अनाज मंडी, प्राचीन यशोदा मंदिर, मां संतोषी मंदिर, श्री हनुमान मंदिर, पटेल नगर के अलावा मोहल्ला पचघरा में दो तथा जोशी टोला में दो स्थलों पर प्रतिमा विराजमान हुई थी। रोज पूजा वंदना के साथ पंडालों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ नगर में महोत्सव सरीखा माहौल बना रहा। 

नृत्य करते युवा बने आकर्षण का केंद्र

जुलूस में शामिल युवाओं की टोलियां आकर्षण का केंद्र बनी रही। अपने गणपति के साथ डीजे की धुन पर झूमते युवा जोशीले नारे लगाते रहे। युवाओं ने सुरक्षा की कमान भी संभाले रखी। कड़ी धूप व उमस के बावजूद युवाओं का जोश कम नहीं हुआ।

युवाओं में दही हांडी पाने की लगी होड़

पटेल चौक व जोशी टोला में लटकी दही हांडी तक पहुंचने में युवाओं ने जमकर पसीना बहाया। साथियों के सहारे हांडी तक पहुंचने की कोशिश में कई बार नीचे ढेर हो रही युवा टोलियों को हजारों लोग मोबाइल में कैद करने में जुटे रहे। इस दौरान आयोजको ने कोई अप्रिय घटना न घटने पाए इसका भी खासा ध्यान रखा।

पुष्प वर्षा व प्रसाद वितरण के साथ भव्य भंडारे का हुआ आयोजन

नागरिकों ने जगह जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। पटेल नगर में श्रद्धालुओं के अलावा राजा गुप्ता, कैलाश अग्रवाल, यशपाल वर्मा व पूर्व प्रमुख दिनेश वर्मा ने स्टाल लगा कर फल व प्रसाद वितरण किया। इस मौके पर नैमिष गुप्ता व अन्य सहयोगियों द्वारा भव्य भंडारे मे हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य अर्जित किया।

पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच शक्तिधाम सरोवर में हुआ विसर्जन

नगर के सभी मार्गों से होकर शांतिपूर्वक व हर्षोल्लास के साथ शोभा यात्रा निकाली गई। इस शोभा यात्रा का शुभारंभ यशोदा मंदिर से किया गया। तत्पश्चात बस स्टॉप होते हुए मुंशीगंज बाजार, सटटी बाजार चौराहा, पटेल चौराहा, जोशी टोला, ब्लॉक तिराहा होते हुए श्री शक्ति धाम महादेव तालाब पर भक्ति भाव के साथ गजानन का विसर्जन किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी बीनूं सिंह व कोतवाल डी.के सिंह के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में लगी रही।

Related Articles

Back to top button