दिल्ली के रामलीला मैदान में आज विपक्ष की ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली, सुनीता केजरीवाल भी होंगी शामिल

आम आदमी पार्टी के आह्वान पर रविवार को आई. एन. डी. आई. ए. की हो रही महारैली के लिए रामलीला मैदान पूरी तरह से तैयार हो गया है। महारैली सफल रही तो गठबंधन के प्रत्याशियों को इससे ताकत मिलेगी। खासकर दिल्ली पर महारैली की सफलता का असर ज्यादा पड़ेगा।

इस रैली में 26 दलों के नेता शामिल होंगे। पंजाब के सीएम भगवंत मान, अखिलेश यादव, राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता शामिल होंगे।

रामलीला मैदान में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई
लोकसभा चुनाव को लेकर आज आइएनडीआइए गठबंधन की रामलीला मैदान में रैली है। विपक्षी दलों के गठबंधन आइएनडीआइए की तरफ से आयोजित इस रैली में विपक्ष के कई बड़े नेता शामिल होंगे। इसे लेकर रामलीला मैदान में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

ट्रैफिक पुलिस ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बाराखंभा रोड से गुरुनानक चौक तक रणजीत सिंह फ्लाईओवर, मिंटो रोड से गोलचक्कर कमला मार्केट तक विवेकानंद मार्ग, हमदर्द चौक, दिल्ली गेट से गुरुनानक चौक तक जेएलएन मार्ग पर यातायात की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर प्रतिबंधित भी किया जा सकता है।

केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी दलों के खिलाफ किया जा रहा: सीपीआई
आईएनडी गठबंधन की आज होने वाली रैली पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के महासचिव डी. राजा ने कहा, आज की रैली बहुत महत्वपूर्ण है। ये दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के तुरंत बाद हो रहा है। इससे पहले झारखंड के सीएम को मजबूरन कदम उठाना पड़ा था नीचे। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। अब मौजूदा सीएम को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने आगे कहा कि सभी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी दलों के खिलाफ किया जा रहा है। यह रैली पूरे देश में एक बड़ा संदेश देने जा रही है कि भारत, संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए, वर्तमान भाजपा शासन को सत्ता से बाहर करना होगा।

वे परिवार का मतलब नहीं समझते: उद्धव ठाकरे
आईएनडी ब्लॉक की महारैली से पहले बीजेपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा, “वे परिवार का मतलब नहीं समझते हैं। आपको अपने परिवार की जिम्मेदारी लेनी होगी। अब उनके पास कोई अन्य एजेंडा नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि जब से चुनावी बॉन्ड का मुद्दा सामने आया है, लोगों को भाजपा यानी भ्रष्ट जनता पार्टी का असली चेहरा पता चल गया है। यह पार्टी भ्रष्ट लोगों की है। सभी भ्रष्ट लोग अब बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। तो यह भ्रष्टाचार जनता पार्टी बन गई है.

महारैली से पहले विपक्षी दलों पर बरसी बीजेपी
विपक्ष की महारैली से पहले भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आज भारत की राजनीति का बहुत विचित्र और विस्मयकारी दृश्य दिखने जा रहा है, क्योंकि वो लोग जो भ्रष्टाचार के विरुद्ध जिन पार्टियों को चोर और बेईमान की संज्ञा देकर सत्ता में आए थे, आज उन्हीं के हमराज होते चले जा रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि भारत की राजनीति में पहली बार उस राज्य में रैली हो रही है, जहां का मुख्यमंत्री हिरासत से सरकार चला रहा है।

लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई: जयराम रमेश
कांग्रेस के अनुसार, आइएनडीआइए में शामिल तमाम दल एक मजबूत संदेश देंगे कि रोजगार, अर्थव्यवस्था और महंगाई के मोर्चे पर नाकाम रही भाजपा सरकार का समय समाप्त हो गया है। देश के लोग उनसे छुटकारा पाना चाहते हैं।

मुंबई के शिवाजी पार्क में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के मौके पर 17 मार्च को हुई रैली के बाद आइएनडीआइए गठबंधन की यह दूसरी संयुक्त रैली है। कांग्रेस के संचार महासचिव जयराम रमेश ने दिल्ली के प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया और दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली के साथ शनिवार को संयुक्त प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि रैली में विपक्षी गठबंधन के सभी 28 घटक दल भाग लेंगे। जयराम ने कहा कि यह लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई है।

Related Articles

Back to top button