राहुल गांधी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए : भूपेन्द्र सिंह चौधरी

राहुल गांधी के बयान से संपूर्ण हिन्दू समाज आहत

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने संसद में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान की कड़ी आलोचना की है। प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि संसद में राहुल गांधी का भाषण झूठ व निराशा भरा रहा। उन्होंने सम्पूर्ण हिन्दू समाज को हिंसक बताकर घोर अपमान किया है। इससे संपूर्ण हिन्दू समाज आहत है। बोलने से पहले राहुल गांधी को कांग्रेस के नेताओं से ज्ञानवर्धन करना चाहिए। उनका भाषण संसदीय गरिमा के अनुकूल नहीं था। इस कृत्य के लिए उन्हें अविलम्ब देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस बार-बार हिन्दुओं को अपमानित करती है। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने संतों पर गोली चलवाई थीं। वहीं कांग्रेस केरल में सहयोगी पार्टियों द्वारा की जाने वाली हिंसा पर चुप्पी साध लेती है। पी.चिदम्बरम ने भी हिन्दुओं को आतंकवादी कहा था। राहुल गांधी ने भी पहले कहा था कि मंदिर जाने वाले इस प्रकार का व्यवहार करते हैं। कांग्रेस नेताओं के इस प्रकार के बयानों से सम्पूर्ण समाज आहत है।

भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष पर भी गैर जिम्मेदरान टिप्पणी की है। पहले जब राहुल केवल सांसद थे तब उनके भाषणों में नाटकीय झलकता था। आज वह विपक्ष के नेता हैं। कांग्रेस का चरित्र संवैधानिक व्यवस्थाओं पर विश्वास का नहीं है। अब उनसे इस प्रकार के कृत्यों की अपेक्षा नहीं की जा सकती। राहुल गांधी ने संसद में बहस का लेवल गिराकर संसदीय लोकतंत्र के स्तर को गिराने का काम किया है।

Related Articles

Back to top button