राष्ट्रपति ने उत्तर प्रदेश के पहले अंतरराष्ट्रीय व्यापार शो का उद्घाटन किया

ग्रेटर नोएडा/नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को कहा कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो राज्य के निर्माताओं और उद्यमियों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहुंच स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। राष्ट्रपति आज ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश के पहले अंतरराष्ट्रीय व्यापार शो का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने के लिए एक स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने इस पर खुशी जतायी कि इस ट्रेड शो में दो हजार से अधिक निर्माता अपने उत्पाद प्रदर्शित कर रहे हैं और 66 देशों के 400 से अधिक खरीदार इस व्यापार शो में भाग ले रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन प्रदेश के निर्माताओं और उद्यमियों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहुंच स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि इस ट्रेड शो में ‘एक जिला एक उत्पाद’ के विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन सराहनीय है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि हस्तशिल्प आधारित उत्पादों के साथ-साथ राज्य के युवा उद्यमी, विशेषकर महिला उद्यमी भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने उद्यमिता और श्रम शक्ति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

राष्ट्रपति ने कहा कि हाल के वर्षों में उत्तर प्रदेश सरकार ने आर्थिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि निवेश प्रक्रिया के सरलीकरण, व्यापार करने में आसानी और बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी के कारण उप्र अब देश की सबसे तेजी से बढ़ती राज्य स्तरीय अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य स्तर पर ऐसे उत्कृष्ट आर्थिक प्रदर्शन के बल पर भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जायेगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि 96 लाख से अधिक एमएसएमई वाले सभी राज्यों में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है। उन्होंने आगे कहा कि भूमि से घिरा राज्य होने के बावजूद उत्तर प्रदेश से निर्यात लगातार बढ़ रहा है। राष्ट्रपति को यह जानकर खुशी हुई कि राज्य का निर्यात वर्ष 2017-18 में लगभग 88,000 करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2022-23 में लगभग 1,75,000 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने बताया कि जी-20 नई दिल्ली नेताओं की घोषणा में स्थानीय मूल्य निर्माण और एमएसएमई के सामने आने वाली चुनौतियों की पहचान करने और एमएसएमई को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जोड़ने का लक्ष्य शामिल था। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो जी-20 के लक्ष्यों के अनुरूप हमारी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएगा।

Related Articles

Back to top button