उत्तर भारत में बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना

नई दिल्ली। बीते कई दिनों से पूरे उत्तर भारत में कहर ढा रहा कोहरा बुधवार सुबह कुछ कम हुआ, लेकिन ठंड में कोई खास कमी महसूस नहीं हुई। पंजाब के नवांशहर में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी में जरूर न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई। कोहरा कम होने से विमानों के उड़ानों में थोड़ा सुधार हुआ। ट्रेनें अब भी विलंब से चल रही हैं। दिल्ली आने वाली 20 ट्रेनें पांच घंटे तक की देरी से पहुंचीं।

कुछ राज्यों में कोहरे में आई कमी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के मुताबिक, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और दिल्ली में कोहरे में कमी आई है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आइजीआइ) हवाई अड्डे के पास दृश्यता केवल 200 मीटर तक सीमित थी।

पांच दिन रहेगा घना कोहरा

आइएमडी ने कहा कि अगले पांच दिनों तक उत्तर भारत में बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। बीते पांच दिनों से लगातार शीतलहर की चपेट में रही दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिली, जो 5.7 डिग्री दर्ज किया गया है। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। उप्र के ज्यादातर जिलों में कोहरा का असर अधिक नहीं रहा, लेकिन धुंध से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मऊ में हल्की बूंदाबांदी हुई।

Related Articles

Back to top button