राम मंदिर को लेकर पीएम मोदी का कांग्रेस पर तंज 

गुवाहाटी। प्रधानमंत्री मोदी ने गुवाहाटी में मां कामाख्या मंदिर कॉरिडोर सहित 11 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद सत्ता में रहे लोग पूजा स्थलों के महत्व को नहीं समझ सके और उन्होंने राजनीतिक वजहों से अपनी ही संस्कृति पर शर्मिंदा होने का चलन स्थापित किया।

कोई भी देश अपना इतिहास मिटाकर प्रगति नहीं कर सकता’

पीएम मोदी ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी देश अपना इतिहास मिटाकर प्रगति नहीं कर सकता। हमारे तीर्थ, हमारे मंदिर, हमारी आस्था के स्थान, ये सिर्फ दर्शन करने की स्थली ही नहीं हैं। ये हजारों वर्षों की हमारी सभ्यता की यात्रा की अमिट निशानियां हैं। भारत ने हर संकट का सामना करते हुए कैसे खुद को अटल रखा, ये उसकी साक्षी है।

पीएम ने राजनीतिक दलों पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘दुर्भाग्य से आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहने वाले लोगों ने हमारे पवित्र स्थलों के महत्व को नहीं समझा। उन्होंने राजनीतिक लाभ के लिए अपनी ही संस्कृति और अतीत पर शर्म करने का चलन बनाया।’

‘मां के भक्तों को असीम आनंद से भर देगा मां कामाख्या का दिव्यलोक’

पीएम ने आगे कहा कि अयोध्या में भव्य आयोजन के बाद मैं अब यहां मां कामाख्या के द्वार पर आया हूं। आज मुझे यहां मां कामाख्या दिव्यलोक परियोजना का शिलान्यास करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस दिव्यलोक की जो कल्पना की गई है, मुझे उसके बारे में विस्तार से बताया गया है। जब ये बनकर पूरा होगा तो ये देश और दुनिया भर से आने वाले मां के भक्तों को असीम आनंद से भर देगा।

हिमंत बिस्वा सरमा ने की पीएम मोदी की तारीफ

इससे पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने पूर्वोत्तर के राज्यों में बुनियादी ढांचे को आगे बढ़ाने के लिए पीएम मोदी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज असम के लिए एक सुनहरा दिन है। पीएम मोदी के नेतृत्व में असम ने अभूतपूर्व शांति और समृद्धि देखी है। हजारों युवा उग्रवाद छोड़कर मुख्यधारा में लौट आए हैं। यह केवल मोदी शासन में ही हो सका है।

Related Articles

Back to top button