चंद्रयान पर भारत को बधाइयों का तांता, पीएम मोदी ने दिया धन्यवाद

जोहान्सबर्ग । दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान चंद्रयान-3 की सफलता पर भारत को बधाइयों का तांता लगा रहा। बाद में अपने संबोधन के दौरान भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी को धन्यवाद दिया।

बुधवार को भारत के चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग की थी। ऐसा करने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया है। भारत के प्रधानमंत्री मोदी इस समय ब्रिक्स के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में हैं। उन्होंने कल जोहान्सबर्ग से ही चंद्रयान लैंडिंग का सजीव प्रसारण देखने के बाद भारत के लोगों को संबोधित करके इसरो चीफ को फोन करके बधाई दी थी। भारत के चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के बाद दुनिया भर के नेताओं ने पीएम मोदी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। अधिकतर नेता पीएम मोदी से मिलकर उन्हें मिशन की सफलता की बधाई दे रहे थे। इनमें बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना भी शामिल रहीं।

चंद्रयान मिशन की सफलता से प्रधानमंत्री मोदी भी काफी उत्साहित दिखे। मिशन की सफलता पर प्रधानमंत्री ने दक्षिण अफ्रीका में रहने वाले भारतीय मूल के समुदाय के उत्साह की भी तारीफ की। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘वह चंद्रयान-3 की सफलता के जोश को जोहान्सबर्ग में भी महसूस कर रहे हैं। भारत की उपलब्धि पर दक्षिण अफ्रीका में रहने वाले भारतीय मूल के समुदाय का उत्साह देखकर बहुत खुशी हुई।

शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चंद्रयान-3 ने कल चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग की। यह सिर्फ भारत के लिए ही नहीं, पूरी दुनिया के वैज्ञानिक समुदाय के लिए उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भारत ने जहां टारगेट किया था, वहीं लैंडिंग की।

Related Articles

Back to top button