गोरखधंधा शब्द को प्रतिबंधित करने की मांग को लेकर पदयात्रा

नई दिल्ली। समाज में प्रचिलित गोरखधंधा शब्द को प्रतिबंधित करने की मांग को लेकर सहारनपुर (उ.प्र.) से शुरू की गई पदयात्रा का नई दिल्ली के जंतर मंतर पर समापन हुआ। सर्वसमाज नामक संगठन के बैनर तले राहुल जोगी ने गत 2 सितम्बर को सहारनपुर से अकेले ही यह पदयात्रा प्रारंभ की थी। उनका कहना है कि गोरखधंधा शब्द भारत के महान गुरु गोरखनाथ जी के शब्द से मिलता जुलता है। इसके प्रयोग से महान गुरु का अपमान होता है। इसलिए वे राष्ट्रपति को ज्ञापन देकर इस शब्द के चलन पर कानूनी रूप से प्रतिबंध लगाने की मांग करने आए हैं।

सर्व समाज के प्रमुख राहुल जोगी ने जंतर मंतर पर कुछ समर्थकों के साथ प्रदर्शन भी किया और कहा कि गलत कार्यों के लिए गोरखधंधा शब्द का प्रयोग प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। यह महान योगी गोरखनाथ को अपना गुरु मानने वाले सर्व समाज का अपमान है। यदि कोई गलत कार्यों के लिए गोरखधंधा शब्द का इस्तेमाल करता है तो उसके लिए एक नया कानून बनाकर सजा देने का भी प्रावधान करना चाहिए।

राहुल जोगी ने बताया कि अपनी मांग को लेकर वे 02 सितम्बर को अकेले पदयात्रा पर निकले और सहारनपुर से रामपुर-मनिहारन, नानौता, थानाभवन, बड़ाैत, बागपत से लोनी के रास्ते दिल्ली के जंतर मंतर पर तक आए।

उल्लेखनीय यह भी है कि हरियाणा में गोरखधंधा शब्द प्रतिबंधित है। 2021 में तत्कालीन खट्टर सरकार ने इस शब्द के आधिकारिक चलन पर रोक लगा दी थी।

Related Articles

Back to top button