स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले ही काशी में देशप्रेम की बयार

शहर में जगह-जगह से निकली तिरंगा यात्रा, बटुकों और स्कूली बच्चों ने पूरे उत्साह से की भागीदारी

वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले ही बुधवार को बाबा विश्वनाथ की नगरी आजादी के जश्न में डूब गई है। शहर में गंगा घाटों से लेकर प्रमुख चौराहों और बाजारों के साथ गली मोहल्ले में तिरंगे की दुकाने सज गई हैं। विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ स्कूल-काॅलेज से तिरंगा यात्रा निकल रही है। शिवपुर स्थित अन्नपूर्णा ऋषिकुल के बटुकों ने कचहरी तक तिरंगा यात्रा निकाल कर पूरे राह देशभक्ति का माहौल बनाया। बटुकों ने रैली में हर घर तिरंगा फहराएंगे, की शपथ भी ली। इसी क्रम में अस्सी घाट पर देश भक्ति का अद्भुत संगम दिखा। नमामि गंगे के सदस्यों ने राष्ट्र प्रेम के अटूट प्रतीक तिरंगे को हर घर एवं गंगा के हर घाट पर फहराने का आह्वान किया। इस दौरान स्पेन से आए पर्यटक भी हर घर तिरंगा अभियान से जुड़े। अस्सी घाट पर उपस्थित जन समूह ने विकसित भारत का संकल्प लिया। संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के प्रति भारत के लोगों में अभूतपूर्व स्नेह, सम्मान और निष्ठा है। तिरंगा भारत के लोगों की भावनाओं और जनमानस में एक अद्वितीय और विशेष स्थान रखता है। 140 करोड़ भारतीयों के लिए हर घर तिरंगा अभियान देश प्रेम का एक अप्रतिम उदाहरण बन चुका है।

Related Articles

Back to top button