कांग्रेस के लिए ही नहीं, राष्ट्रीय मुसीबत बन गए हैं राहुल गांधीः शिवराज

भोपाल/जयपुर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विश्वकप हार पर जहां पूरे देश की आंखों में आंसू थे, वहीं राहुल और प्रियंका गांधी खुश हो रहे थे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर टिप्पणी कर रहे थे, ये तो देशद्रोह की सीमा में आता है। कांग्रेस ने केवल सत्यानाश ही किया है। राहुल गांधी केवल कांग्रेस के लिए ही नहीं बल्कि अब राष्ट्रीय के लिए भी मुसीबत बन गए हैं। भाषण भी देते हैं तो पता नहीं रहता है कि क्या बोल रहे हैं।

मुख्यमंत्री चौहान गुरुवार को राजस्थान में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में बागीदौरा, रामगंजमण्डी और पीपल्दा विधानसभा में विशाल चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गहलोत ने राजस्थान को भ्रष्टाचार में नंबर एक बना दिया है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी व प्रियंका गांधी लगातार झूठ बोलते हैं। इन्होंने राजस्थान में भी किसानों के कर्जमाफ करने की बात कही थी, लेकिन कर्जमाफ नहीं किया। मध्यप्रदेश में कहा था कि कर्जमाफ नहीं हुआ तो 10 दिन में मुख्यमंत्री बदल देंगे, कांग्रेस ने तो मुख्यमंत्री नहीं बदला, लेकिन जनता ने ही बदल दिया। कांग्रेस झूठी गारंटी देने आती है अगर किसी की गारंटी है तो वो केवल प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा की गारंटी है। भाजपा जो कहती है वो करती है।

देव जागेंगे और कांग्रेस सो जाएगी
चौहान ने कहा कि आज देवउठनी ग्यारस है। आज देव जागेंगे और कांग्रेस सो जाएगी। उन्होंने कहा कि 3 दिसंबर को कांग्रेस राजस्थान से बाहर हो जाएगी और भाजपा की जीत बंपर होगी।

लाल डायरी के राज बाहर आएंगे
उन्होंने कहा कि ये चिरंजीवी-चिरंजीवी कर रहे हैं। ये तो ऐसा चोर है कि प्रधानमंत्री की योजना का नाम भी चुरा के बदल दें, लेकिन ये जादूगर लाल रंग से बहुत डरता है, लाल रंग यानी कि लाल डायरी। लाल डायरी के राज बाहर आएंगे और जिन लोगों ने बेईमानी की है वो जेल जाएंगे। पेपर लीक करने वाले भी जेल की हवा खाएंगे। चिंता मत करना, जितना इन्होंने जनता का पैसा खाया है उतना बाहर निकालेंगे और फिर ये लोग जेलों में चक्की पीसते नज़र आएंगे, क्योंकि हमारे प्रधानमंत्री ने कहा है कि ना खाऊंगा ना खाने दूंगा, इसलिए ये सब परेशान हैं।

गहलोत सरकार ने सत्यानाश कर दिया
उन्होंने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि मोदी के नेतृत्व में राजस्थान की जनता डबल इंजन की सरकार लाने के लिए बेकरार है। क्योंकि पांच साल में अशोक गहलोत की सरकार ने राजस्थान का सत्यानाश कर दिया है। कुशासन का पर्याय बनी कांग्रेस की गहलोत सरकार ने पूरे राजस्थान को दंगों की आग में झोंक दिया। इसलिए इसे हटाकर राजस्थान के नागरिक भाजपा की सरकार लाएंगे।

बहन के अपमान पर तो महाभारत हो गई थी
मुख्यमंत्री चौहान ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि यहां राक्षस जुल्म ढा रहे हैं। एक बहन द्रौपदी का अपमान हुआ था तो महाभारत हो गई थी, कौरवों का वंश सहित विनाश हो गया था। एक रावण ने हिम्मत की थी सीता मैया का हरण करने की, रावण के वंश में भी नाम लेवा और पानी देवा नहीं बचा था। यहां भी पाप, अत्याचार और भ्रष्टाचार की लंका जलकर राख हो जाएगी। राजस्थान में आए दिन बलात्कार हो रहे हैं। कांग्रेस सरकार के एक मंत्री कहते हैं कि ये मर्दों का प्रदेश है इसलिए यहां रावण का अंत जरूरी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की तकदीर और तस्वीर बदलने का काम करना है।

दिलाया भाजपा की जीत का संकल्प
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजस्थान में प्रचार-प्रसार के अंतिम दिन तीन विधानसभा सीटों पर विशाल चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए उपस्थित जनसमुदाय को भाजपा की जीत का संकल्प दिलाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की राह पर अग्रसर है और अब राजस्थान को भी डबल इंजन की सरकार के साथ आगे बढ़ाना है। राजस्थान को पिछड़े राज्यों से निकालकर विकसित राज्यों की श्रेणी में लाना है। इसलिए 25 नवंबर को कमल के फूल की बटन दबाकर भाजपा के सभी उम्मीदवारों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाना है और राजस्थान में रिकॉर्ड मतों से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाना है।

Related Articles

Back to top button