नवरात्र कल से शुरु: प्रथम दिन शैलपुत्री स्वरूपा मां दुर्गा के होंगे दर्शन

शुक्लागंज,उन्नाव। शारदीय नवरात्र कल 3 अक्टूबर से शुरू हो रहे हैं। नवरात्र के अवसर पर नगर के समस्त दुर्गा मंदिरों में साफ सफाई कराकर मां के दरबारों को भव्य रूप देकर सजा दिया गया है। नगर के दुर्गा मंदिरों के बाहर लहंगा चुनरी ध्वजा नारियल आदि से लेकर पूजन सामग्री व फूल मालाओं तक की दुकानें सज गई हैं।
राजधानी मार्ग स्थित श्री दुर्गा मंदिर में मां के दरबार को बड़े ही सुंदर ढंग से सजाया गया है। नवरात्र के अवसर पर अधिकतर घरों में भी मां की प्रतिमाओं को रख कर कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा का पूजन अर्चन प्रारंभ होगा। जो भी जातक व्रत धारण करेंगे वह घरों में दुर्गा सप्तशती के पाठ को भी करेंगे।

नवरात्र के पहले दिन शैलपुत्री स्वरूपा मां दुर्गा के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ दुर्गा मंदिरों में पहुंचेगी। इसके लिए सभी प्रमुख दुर्गा मंदिरों को बड़े ही आकर्षक ढंग से सजाया गया है। नगर के दुर्गा मंदिरों को फूलों की लड़ियों व पंखुड़ियों से लेकर बिजली की रंग बिरंगी झालरों से सजाया गया है। कीमती वस्त्रों के साथ लहंगा चुनरी से मां को सुशोभित किया गया है। वहीं मंदिरों में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शुक्लागंज राजधानी मार्ग श्री दुर्गा मंदिर के अध्यक्ष आदित्य सिंह साधू ने बताया कि नवरात्र को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले दिन कलश स्थापना और ध्वजारोहण होगा।

जिसके बाद शनिवार को मंदिर प्रांगण में रामचरित मानस अखंड पाठ शुरू होगा। दूसरे दिन राज्याभिषेक कराया जायेगा। जिसके बाद अष्टमी को पूर्णाहूति होगी। नवमी को कन्यापूजन और दशमी को शमी पूजन सीमोलंघन के बाद खजाना वितरण किया जायेगा।

नौ रूपों में होगा मां दुर्गा का पूजन अर्चन
नवरात्र भर भक्तों का कल्याण करने के लिए मां अपने नौ रूपों में भक्तों को दर्शन देकर उन पर अपनी कृपा बरसाएंगी। उनके इन नौ रूपों में पहला रूप शैलपुत्री, दूसरा रूप ब्रह्मचारिणी, तीसरा रूप चंद्रघंटे, चौथा रूप कुष्मांडा, पांचवां रूप स्कंद माता, छठा रूप कात्यायिनी, सातवां रूप कालरात्रि, आठवां रूप महागौरी व नौवां रूप सिद्धिदात्री देवी का है।

Related Articles

Back to top button