मिशन शक्ति: सीओ बनी छात्रा अदीबा सिद्दीकी, छात्रा शीतला ने संभाली कोतवाल की कमान

उन्नाव। मिशन शक्ति के तहत क्षेत्राधिकारी कार्यालय परिसर में छात्राओं को महिला सुरक्षा और संबंधित योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्राधिकारी अरविंद कुमार चौरसिया के संबोधन से हुई। जिन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। इस दौरान एक दिन के लिए बांगरमऊ सीओ छात्रा अदीबा सिद्दीकी बनी तो बांगरमऊ कोतवाल की कमान छात्रा शीतला को सौंपी गयी। कार्यक्रम को लेकर सीओ चौरसिया ने बताया कि सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई योजनाएं बनाई हैं, जैसे ‘महिला हेल्पलाइन’, ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, और ‘उन्नति योजना’, जिनका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें सुरक्षा प्रदान करना है।

उन्होंने छात्राओं को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया और कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। इस कार्यक्रम में सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहीं। जो विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों से आई थीं। छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों और उनके कार्यान्वयन की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था ‘एक दिन का सीओ’ गतिविधि जिसमें एक छात्रा को एक दिन के लिए क्षेत्राधिकारी बनाया गया। इस छात्रा ने फरियादियों का हाल जाना और कार्यालय की कार्यप्रणाली को समझा। छात्राओं ने इस अवसर पर अपने अनुभव साझा किए और सीओ के कार्यों को समझने का प्रयास किया। उन्होंने सीओ चौरसिया से कई सवाल भी किए। जिनका उन्होंने धैर्यपूर्वक उत्तर दिया। सीओ ने बताया कि फरियादियों की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना उनके दायित्व का हिस्सा है।कार्यक्रम के दौरान कई स्थानीय महिलाओं ने भी भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए जागरूकता आवश्यक है और सरकार द्वारा दिए गए हेल्पलाइन नंबर का उपयोग करना चाहिए।

सीओ अरविंद कुमार चौरसिया ने छात्राओं से कहा कि वे अपने आस-पास की महिलाओं को भी जागरूक करें ताकि वे अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहें। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई महिला असुरक्षित महसूस करती है। तो उसे तुरंत मदद लेनी चाहिए।
कार्यक्रम का समापन छात्राओं ने एक संकल्प के साथ किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहेंगी और अन्य महिलाओं को भी जागरूक करेंगी।

Related Articles

Back to top button