रक्षा मंत्री बोले- कांग्रेस का छूटा हाथ, साइकिल की उतरी चेन

आजमगढ़। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि भाजपा ने मन बना लिया है कि देश में वन नेशन, वन इलेक्शन होगा। इससे लोगों को हर दो साल में चुनाव में भाग नहीं लेना पड़ेगा। पूरे देश में चुनाव प्रचार के दौरान भ्रमण करने और जनसभाओं को संबोधित करने के बाद इस नतीजे पर पहुंचा हूं कि जनता ने इस बार पीएम मोदी की 400 पार की सरकार बनाने का मन बना लिया है।

रक्षा मंत्री आजमगढ़ के लालगंज सुरक्षित लोकसभा क्षेत्र के मेहियापार में भाजपा प्रत्याशी नीलम सोनकर के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। राजनाथ ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस का हाथ छूट गया है, साइकिल की चेन उतर चुकी है और हाथी पस्त हो गया है।

राजनाथ ने कहा कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिस तरह प्रदेश की सरकार चलाई है, उसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है। यहां गुंडे-बदमाशों का हौसला पस्त हो चुका है। अपराधी सीने का बटन खोलकर नहीं चल सकते।

उन्होंने विपक्षी दलों पर हमला करते हुए कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस ने लोगों को धोखा दिया। बहुत सारे वादे किए, लेकिन पूरा नहीं किया। लोग अब कह रहे हैं कि समाजवादी पार्टी एक ‘समाप्त’ पार्टी’ है।”

रक्षा मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के प्रति सोच और भाव बदला है। पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के प्रतिनिधि के बोलते थे तो कोई देश गंभीरता से नहीं लेता था। प्रधानमंत्री मोदी के आने के बाद अब भारत की हर बात पूरा विश्व ध्यान से सुनता है। हम तेजी से महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर हैं। आज कोई देश भारत की तरफ आंख दिखाने की हिम्मत नहीं करता। कोई ऐसी हिमाकत करता भी है तो मुंह तोड़ जवाब दिया जा रहा है। सारी दुनिया को विश्वास है कि 2027 तक भारत तीसरी सबसे बड़ी इकोनामी बन जाएगा

Related Articles

Back to top button