नायब सरकार में फरीदाबाद जिले के दाे विधायक बने मंत्री

फरीदाबाद। हरियाणा प्रदेश में नायब सैनी सरकार में फरीदाबाद से दो मंत्रियों को जगह मिली है। इनमें फरीदाबाद से जहां विपुल गोयल को कैबिनेट मंत्री वहीं तिगांव से विधायक राजेश नागर को राज्यमंत्री के बनाया गया है। जैसे ही विपुल गोयल और राजेश नागर ने मंत्री पद की शपथ ली, उनके विधानसभा क्षेत्रों फरीदाबाद और तिगांव में उनके समर्थकों ने ढोल नगाड़ों और आतिशबाजी छोडक़र खुशी जताई। विपुल गोयल जहां दूसरी बार हरियाणा सरकार में मंत्री बने है, जबकि राजेश नागर पहली बार मंत्री बने है।

उल्लेखनीय है कि फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र से 2014 में पहली बार वैश्य समुदाय से ताल्लुक रखने वाले विपुल गोयल भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़े थे और उस दौरान उन्होंने कांग्रेस विधायक आनंद कौशिक को पराजित किया था। चुनाव जीतने के बाद मनोहर सरकार में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया था परंतु 2019 में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर से उनकी सार्वजनिक तौर पर हुई तू-तू-मैं-मैं का वीडियो वायरल होने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने उनका टिकट काट दिया था और नरेंद्र गुप्ता को टिकट दी थी। नरेंद्र गुप्ता 2019 से 2024 तक विधायक रहे। विपुल गोयल 2024 में फिर से भाजपा की टिकट लाने में सफल रहे और इस बार उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी लखन सिंगला को करीब 48 हजार वोटों से शिकस्त दी और आज गठित हुई नायब सरकार-2 में वह कैबिनेट मंत्री बने। बीकॉम की डिग्री रखने वाले विपुल गोयल नवचेतना ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। इनका मकसद विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करना है। गोयल के एक बेटा और दो बेटियां हैं।

वहीं राजेश नागर की बात की जाए तो वर्ष 2014 में वह पहली बार भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़े, उस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी के रुप में ललित नागर ने उन्हें पराजित किया। हालांकि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी। इसके बाद 2019 में भाजपा ने उन्हें फिर टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा और इस बार उन्होंने कांग्रेस विधायक ललित नागर को पराजित करके पहली जीत हासिल की। 2024 के विधानसभा चुनावों में पार्टी ने फिर उन पर विश्वास जताया और टिकट देकर चुनावी रण मे उतारा, इस बार कांग्रेस से बागी हुए ललित नागर को उन्होंने करीब 37 हजार वोटों के अंतर से हराकर जीत अर्जित की। गुर्जर समाज से ताल्लुक रखने वाले राजेश नागर को नायब सरकार-2 में राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया है।

Related Articles

Back to top button