नोएडा की कई सड़कें बंद, दिल्ली जाने वाले रास्ते प्रभावित

नोएडा। नोएडा, ग्रेटर नोएडा के सैकड़ों गांवों के किसानों अपने परिवारों के लिए भूमि मुआवजे में बढ़ोतरी और बेहतर पुनर्वास सुविधाओं की मांग को लेकर आज दिल्ली में संसद भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। इसके मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस अलर्ट हो गई है और एहतियात के तौर पर यातायात सलाह जारी की है।

हिरासत में लिए गए कई अन्नदाता

नोएडा के सेक्टर 24 एनटीपीसी पर धरने पर बैठे किसानों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। नोएडा में धरने पर बैठे किसान दिल्ली जाने के लिए निकले थे। साथ ही दलित प्रेरणा स्थल के पास पुलिस ने बेरिकेडिंग कर सड़क पर कैंटर खड़े कर दिए, जिससे किसान आगे नहीं जा पा रहे हैं। किसान दलित प्रेरणा स्थल पर ही नारेबाजी कर रहे हैं।

दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर रोके गए किसान

अपनी मांगों को लेकर नोएडा से दिल्ली जा रहे किसानों को पुलिस ने बॉर्डर पर रोका है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की भी हुई। इस दौरान कई किसानों को हिरासत में लिया गया है।

सड़कों पर आए दिन लग रहा भीषण जाम

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों का आरोप है कि किसानों के आंदोलन के चलते ही नहीं सड़कों पर आए दिन सुबह-शाम जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ गया है। रोजाना सुबह-शाम जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लगा कई किलोमीटर लंबा जाम

किसानों के दिल्ली कूच के चलते सुबह से ही शहर में यातायात व्यवस्था चरमराई रही। पर्थला चौक से एक मूर्ति गोलचक्कर तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। लोग घंटो जाम में फंसे रहे। जिसकी वजह से लोगों को दफ्तर जाने में भी देरी हो गई।

नोएडा में जगह-जगह नाकाबंदी

किसानों ने संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को दिल्ली की ओर कूच करने का ऐलान किया। किसानों के प्रदर्शन और दिल्ली कूच के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सर्तकता दिखाते हुए जगह-जगह नाकाबंदी कर दी।

किसानों को रोकने के लिए चप्पे-चप्पे पर सड़कों पर पुलिस मौजूद रही। कई जगहों पर वाहनों को डायवर्ट भी कर दिया गया। जिसकी वजह से 130 मीटर रोड़ पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

दिल्ली-हरियाणा और दिल्ली-यूपी पर लगाए गए बैरिकेड

किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर अर्धसैनिक बलों की तैनाती के अलावा दिल्ली-हरियाणा और दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा पर बैरिकेड लगाए गए हैं। इसके साथ ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा में किसानों के विरोध प्रदर्शन से पहले, गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने बुधवार से सीआरपीसी धारा 144 लागू कर दी है।

दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा

किसानों के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों सहित राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है। इस संबंध में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि गुरुवार को सोनिया विहार, डीएनडी, चिल्ला, गाजीपुर, सभापुर, अप्सरा और लोनी सीमाओं से जुड़े मार्गों पर भारी ट्रैफिक लग सकता है।

ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

नोएडा से किसानों के राजधानी में संसद का घेराव करने के एलान के चलते ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने कुछ रास्तों पर डायवर्जन किया है। पुलिस ने यातायात में आने वाली किसी भी असुविधा को लेकर वाहन चालकों के लिए हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर जारी किया है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भीषण जाम

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी सुबह से सड़कों पर भीषण जाम की स्थिति देखी जा रही है। गौर सिटी गोलचक्कर पर जाम से बुरा हाल है। सुबह समय से दफ्तर पहुंचने के लिए घर से निकले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाम की समस्या को लेकर एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, लेकिन जागरण डॉट कॉम इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है। 

Related Articles

Back to top button