हिमाचल में विदाई की ओर मानसून, अगले छह दिन मौसम साफ

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला सहित मैदानी व मध्यपर्वतीय इलाकों में रविवार को धूप खिली है। जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति आउट किन्नौर में भी मौसम साफ बना हुआ है। पिछले दो दिन से राज्य में मानसून धीमा हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो मानसून अब अंतिम पड़ाव पर है और अगले छह दिन राज्य में बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 30 सितंबर से पांच अक्टूबर तक राज्य में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। अक्टूबर के पहले हफ्ते दक्षिणी-पश्चिमी मानसून प्रदेश से विदा होना शुरू हो जाएगा। इस वर्ष मानसून की अब तक सामान्य से 18 फ़ीसदी कम वर्षा हुई है। राज्य में मानसून ने 28 जून को दस्तक दी थी। 28 जून से 28 सितंबर तक की तीन माह की अवधि में राज्य में 597 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इस अवधि में 732 मिलीमीटर वर्षा को सामान्य माना गया है। 10 जिलों में सामान्य से कम बादल बरसे हैं। शिमला में सामान्य से 15 और बिलासपुर में सामान्य से तीन फीसदी अधिक बारिश हुई है। लाहौल-स्पीति में सामान्य से 69 फ़ीसदी, चम्बा में सामान्य से 35 फीसदी, ऊना में 30 फीसदी, हमीरपुर में 28 फीसदी, सोलन व किन्नौर में 21-21 फीसदी, कुल्लू में 19 फीसदी, कांगड़ा में तीन, सिरमौर में दो और मंडी में सामान्य से एक फ़ीसदी कम बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घण्टों के दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा हुई। कांगड़ा जिला के पालमपुर और सिरमौर जिला के मुख्यालय नाहन में 13-13 मिलीमीटर और धौलाकुआं में नौ मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड हुई है।

लाहौल-स्पीति का केलंग सबसे ठंडा, 6.7 डिग्री पारा

शिमला में रविवार को न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री, सुंदरनगर में 17.7 डिग्री, भुंतर में 18.5 डिग्री, कल्पा में 8.8 डिग्री, धर्मशाला में 17 डिग्री, ऊना में 20 डिग्री, नाहन में 20.2 डिग्री, केलंग में 6.7 डिग्री, पालमपुर में 16.5 डिग्री, सोलन में 17.2 डिग्री, मनाली में

12.5 डिग्री, कांगड़ा में 19.3 डिग्री, मंडी में 19.5 डिग्री, बिलासपुर में 21.5 डिग्री, चम्बा में 16.7 डिग्री, डल्हौजी में 11.9 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 16.9 डिग्री और कुकुमसेरी में 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।

भूस्खलन से 21 सड़कें बंद, 148 ट्रांसफार्मर खराब

मानसून के कमजोर पड़ने के बावजूद राज्य के चार जिलों की सड़कें अभी तक बहाल नहीं हो पाई हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक रविवार को 21 सड़कें भूस्खलन से बंद रहीं। कांगड़ा में 10, सिरमौर में सात, मंडी में तीन औऱ कुल्लू में दो सड़कें बाधित है। इसके अलावा 148 ट्रांसफार्मरों के खराब रहने से बिजली भी गुल रही। लाहौल-स्पीति के स्पीति मंडल में सबसे ज्यादा 124 औऱ लाहौल मंडल में 20 ट्रांसफार्मर ठप हैं। कुल्लू में दो औऱ चम्बा व मंडी में एक-एक ट्रांसफार्मर खराब है।

Related Articles

Back to top button