कोलकाता और बंगाल के अन्य जिलों में हल्की बारिश का सिलसिला रहेगा जारी

कोलकाता। कोलकाता सहित बंगाल के अन्य जिलों में अगले 24 घंटों में मौसम बदलने वाला है। समुद्र तल पर बना निम्न दाब कमजोर हो गया है और कोलकाता में आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग में बुधवार सुबह बताया है कि यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों के दौरान कोलकाता में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है, वहीं न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। कोलकाता में आज सुबह 6:30 बजे तक बारिश का आंकड़ा 0.7 मिमी दर्ज किया गया, जबकि कल सुबह 8:30 बजे से अब तक 0.6 मिमी बारिश हो चुकी है।

बंगाल के अन्य जिलों में भी मौसम को लेकर बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली और नादिया जिलों में भी बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। यहां तापमान कोलकाता के समान ही रहने की उम्मीद है, हालांकि नमी का स्तर थोड़ा अधिक हो सकता है, जिससे वातावरण और अधिक उमस भरा महसूस हो सकता है।

दक्षिण बंगाल के जिलों जैसे पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर, पुरुलिया, बांकुड़ा और बर्दवान में भी अगले 24 घंटों के दौरान बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27-29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

उत्तर बंगाल के जिले जैसे दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, अलीपुरद्वार और कलिम्पोंग में भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 25-28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18-22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

नमी का स्तर पूरे राज्य में अधिक बना रहेगा। कोलकाता में अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 94 फीसदी और न्यूनतम 67 फीसदी दर्ज की गई है, जबकि अन्य जिलों में भी नमी का स्तर 80 से 95 फीसदी तक रहने की संभावना है। इसकी वजह से बारिश के साथ ही उमस भी बनी रहेगी।

Related Articles

Back to top button